एमबाप्पे ने 22 गोल के साथ विश्व कप में सबसे अधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाया, मेस्सी को पीछे छोड़ा
एमबाप्पे ने 22 गोल के साथ विश्व कप में सबसे अधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाया, मेस्सी को पीछे छोड़ा
मियामी गार्डन्स, 19 जुलाई (एपी) किलियन एमबाप्पे ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के मैच में फ्रांस के लिए दो गोल करके फुटबॉल विश्व कप में अपने कुल गोल की संख्या 22 तक पहुंचाई और लियोनल मेस्सी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
एमबाप्पे ने मौजूदा विश्व कप में 10 गोल किए हैं और ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में मेस्सी से दो गोल आगे चल रहे हैं। यह पुरस्कार टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले को दिया जाता है।
जब एमबाप्पे ने 48वें मिनट में गोलकीपर डीन हेंडरसन को छकाते हुए गोल किया तब फ्रांस 0-4 से पीछे चल रहा था। इसके बाद 66वें मिनट में उन्होंने लगभग 14 गज की दूरी से बाएं पैर से शॉट मारकर फिर से हेंडरसन को पछाड़ा और मेस्सी के विश्व कप में सर्वाधिक 21 गोल के करियर रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
एमबाप्पे के दूसरे गोल से फ्रांस ने स्कोर 3-4 किया लेकिन टीम जीत दर्ज करने में नाकाम रही। फ्रांस की टीम इससे पहले लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाने से चूक गई थी क्योंकि उसे सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी।
एमबाप्पे ने चार साल पहले कतर में आठ गोल करके गोल्डन बूट जीता था जहां फ्रांस फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में मेस्सी की कप्तानी वाली अर्जेन्टीना की टीम से हार गया था।
एपी सुधीर
सुधीर

Facebook


