इंडियन ओपन सीरीज के दिल्ली चरण में पुरुषों की भाला फेंक में रोमांचक मुकाबले की संभावना

इंडियन ओपन सीरीज के दिल्ली चरण में पुरुषों की भाला फेंक में रोमांचक मुकाबले की संभावना

इंडियन ओपन सीरीज के दिल्ली चरण में पुरुषों की भाला फेंक में रोमांचक मुकाबले की संभावना
Modified Date: April 10, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: April 10, 2026 8:00 pm IST

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) विश्व चैंपियनशिप फाइनल खेलने वाले सचिन यादव शनिवार को जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में होने वाली एक दिवसीय इंडियन ओपन सीरीज के दिल्ली चरण में भाग लेने वाले शीर्ष भारतीय ट्रैक एवं फील्ड सितारों में शामिल होंगे।

इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या को देखते हुए, लगभग सभी स्पर्धाओं में कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की उम्मीद है।

खिलाड़ियों को जेएलएन स्टेडियम में हाल ही में तैयार किए गए मोंडो ट्रैक पर प्रदर्शन करने का अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।

पुरुष भाला फेंक में सभी की निगाहें सचिन पर होंगी, जिन्होंने पिछले साल तोक्यो में अपने पहले विश्व चैंपियनशिप में 86.27 मीटर की दूरी के साथ चौथा स्थान हासिल कर प्रभावित किया था।

एशियाई चैंपियनशिप (2025) के रजत पदक विजेता सचिन यादव ने पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। वह अपने घरेलू मैदान पर 2026 सत्र की शानदार शुरुआत करने के लिए उत्सुक हैं।

उन्हें हालांकि शिवम लोहाकरे, एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता किशोर कुमार जेना और रोहित यादव से कड़ी टक्कर मिलेगी।

गोला फेंक में दो बार के एशियाई खेलों के चैंपियन तजिंदरपाल सिंह तूर भी शनिवार को अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।

पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में भी कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 100 मीटर और 200 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष कुजूर भुवनेश्वर में हाल ही में इंडोर चैंपियनशिप की निराशा को पीछे छोड़ना चाहेंगे। भुवनेश्वर में वह फाल्स स्टार्ट के कारण अयोग्य हो गये थे।

पिछले महीने भुवनेश्वर में 60 मीटर इंडोर खिताब जीतने वाले गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर के पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक) कुजूर के मुख्य प्रतिद्वंद्वी होंगे। फर्राटा दौड़ में अन्य शीर्ष धावकों में तमिल अरसु एस, प्रणव प्रमोद गुरव और हर्ष संतोष राउत शामिल हैं।

पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में सभी की निगाहें राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक विशाल टीके पर होंगी। तमिलनाडु के इस धावक ने अगस्त 2025 में चेन्नई में 45.12 सेकंड का शानदार समय दर्ज किया था।

राष्ट्रीय चार गुणा 400 मीटर रिले टीम के प्रमुख सदस्यों में से एक मुहम्मद अजमल पिछले सत्र में चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं और उन पर सबकी नजर रहेगी।

सोलह चरणों वाली इंडियन ओपन सीरीज का शुभारंभ चार अप्रैल को बेंगलुरु में हुआ, जिसके बाद दूसरा चरण जयपुर में पांच अप्रैल को आयोजित किया गया।

इंडियन ओपन सीरीज के तीसरे चरण दिल्ली को खिलाड़ियों से मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया के कारण प्रतियोगिता सुबह से लेकर देर शाम तक जारी रहेगी।

प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में वर्गीकृत किया गया है और सभी दौड़ फाइनल हैं।

इस आयोजन में सीनियर वर्ग के अलावा पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए जूनियर वर्ग में भी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में