विश्व कप में फिर दिखा मेस्सी ‘मैजिक’, केन भी हुए कायल
विश्व कप में फिर दिखा मेस्सी ‘मैजिक’, केन भी हुए कायल
अटलांटा, 16 जुलाई (एपी) लियोनेल मेस्सी ने सही समय पर अपने कौशल का शानदार नमूना पेश करके अर्जेंटीना को विश्व कप फुटबॉल के सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके बाद प्रतिद्वंद्वी टीम के स्टार खिलाड़ी हैरी केन ने भी उनकी जमकर प्रशंसा की।
मेस्सी ने भले ही कोई गोल नहीं किया लेकिन उन्होंने अर्जेंटीना की तरफ से दोनों गोल करने में मदद की। इससे उनकी टीम ने फिर से वापसी करके लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई।
इंग्लैंड के कप्तान केन ने कहा, ‘‘लियो अब भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे लगा कि मैच के बड़े हिस्से में हमने उनका बखूबी सामना किया। लेकिन दुनिया के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों की तरह जब गेंद अंतिम छोर पर उनके पास होती है तो वह शानदार खेल दिखाते हैं। आज उन्होंने फिर यही किया। वह सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।’’
राउंड ऑफ 16 में मिस्र के खिलाफ अप्रत्याशित वापसी के आठ दिन बाद मेस्सी अटलांटा लौटे और उन्होंने अपने करियर में एक और शानदार अध्याय जोड़ा।
एंथनी गॉर्डन के 55वें मिनट में किए गए गोल से इंग्लैंड की उम्मीद बंधी थी लेकिन मेस्सी और उनके नीली जर्सी वाले साथियों ने फिर से साबित किया कि वे कभी हार नहीं मानते।
खेल के 85वें मिनट में मेस्सी ने एक शॉर्ट कॉर्नर किक मारी। इसके तुरंत बाद ही उन्हें वापस पास मिला। उन्होंने देखा कि एंज़ो फर्नांडीज़ गोल से 25 गज की दूरी पर घात लगाए बैठे हैं। उन्होंने गेंद फर्नांडीज़ को दी जिन्होंने गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड को चकमा देकर स्कोर बराबर कर दिया।
उस समय ऐसा लग रहा था कि अर्जेंटीना की जीत निश्चित है। और ठीक वैसा ही हुआ। एक बार फिर मेस्सी ने ही कमाल दिखाया। स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में उन्होंने अचानक अपनी गति बढ़ा दी और गोलपोस्ट की ओर दौड़ते हुए पर्याप्त जगह बना ली, जिससे उन्हें पीछे वाले पोस्ट पर सटीक क्रॉस भेजने का मौका मिल गया। गेंद लोटारो मार्टिनेज के पास पहुंची, जिन्होंने दो डिफेंडरों के बीच से निकलकर बड़ी आसानी से हेडर से विजयी गोल दाग दिया।
यह मार्टिनेज के लिए एक भावुक क्षण था और यह सब उनके कप्तान की बदौलत ही संभव हो पाया।
मार्टिनेज ने कहा, ‘‘यह वास्तव में बहुत प्रभावशाली है। जब मेरे पिताजी ने मुझे पहली बार फुटबॉल के जूते खरीदकर दिए थे, तब से मैं इस तरह का गोल करने का सपना देख रहा था।’’
जब अंतिम सीटी बजी तो मेस्सी मैदान के बीच में घुटनों के बल बैठ गए और अपनी मुट्ठियां हवा में लहराने लगे।
मेस्सी ने मौजूदा टूर्नामेंट में अभी तक आठ गोल किए हैं और वह फ्रांस के किलियन एमबाप्पे की बराबरी पर हैं।
एपी
पंत
पंत

Facebook


