एशियाई खेलों के लिए मंत्रालय ने 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी, एथलेटिक्स दल में 73 खिलाड़ी
एशियाई खेलों के लिए मंत्रालय ने 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी, एथलेटिक्स दल में 73 खिलाड़ी
नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) खेल मंत्रालय ने अगले महीने जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए शनिवार को 492 खिलाड़ियों वाले दल को मंजूरी दे दी जिसमें एथलेटिक्स के खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक 73 है।
इस दल में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, मंत्रालय ने अभी तक दल के साथ जाने वाले सहयोगी स्टाफ की सूची जारी नहीं की है।
एथलेटिक्स टीम में 35 पुरुष और 38 महिलाएं हैं। इसमें दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा, लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 100 मीटर बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
बीस सदस्यीय बैडमिंटन टीम में पी वी सिंधू, आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं। गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की महिला युगल के अलावा सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल को भी टीम में जगह मिली है।
मुक्केबाजी टीम में 11 खिलाड़ी हैं जिनमें हाल में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), नरेन्द्र बेरवाल (+90 किग्रा) और जादूमणि सिंह (55 किग्रा) शामिल हैं।
ई-स्पोर्ट प्रतियोगिता के लिए 15 खिलाड़ियों के नाम मंजूर किए गए हैं जबकि 22 नौकाचालक भी आइची-नागोया में होने वाले इन खेलों के लिए यात्रा करेंगे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


