लंदन, तीन जून (एपी) डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल ने न्यूजीलैंड को शुक्रवार को यहां लार्ड्स पर इंग्लैंड के खिलाफ शुरूआती टेस्ट के दूसरे दिन शुरूआती झटकों के बाद चाय तक दूसरी पारी में चार विकेट पर 128 रन तक पहुंचाने में मदद की।
न्यूजीलैंड ने 56 रन तक चार विकेट गंवा दिये थे जिसके बाद इन दोनों ने मिलकर टीम को और झटके नहीं लगने दिये।
ब्रेक तक मिचेल 43 और ब्लंडेल 39 रन बनाकर खेल रहे थे। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिये 72 रन की नाबाद साझेदारी निभा ली थी।
इन दोनों की भागीदारी से न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड पर अपनी बढ़त 119 रन की कर ली। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में महज 141 रन पर सिमट गयी थी।
मैट पोट्स ने अपने पदार्पण में सुर्खियां बटोरना जारी रखा, उन्होंने दूसरी पारी में भी न्यूजीलैंड के चार में से दो विकेट अपने नाम किये जिसमें उन्होंने कप्तान केन विलियमसन का विकेट मैच में दूसरी बार लिया।
तेज गेंदबाज पोट्स ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में भी चार विकेट झटके थे जिसमें टीम 132 रन पर सिमट गयी थी।
इंग्लैंड ने सुबह सात विकेट पर 116 रन से आगे खेलना शुरू किया। मैच के पहले दिन 17 विकेट गिरे थे।
लेकिन जल्द ही अंतिम तीन विकेट गंवा बैठी जिसमें टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट का अहम योगदान रहा।
साउदी ने 55 रन देकर चार जबकि उनके साथी तेज गेंदबाज बोल्ट ने 21 रन देकर तीन विकेट झटके।
एपी नमिता आनन्द
आनन्द