मोहसिन को पांच विकेट, रिंकू के तूफानी अर्धशतक से नाइट राइडर्स ने सात विकेट पर 155 रन बनाए

Ads

मोहसिन को पांच विकेट, रिंकू के तूफानी अर्धशतक से नाइट राइडर्स ने सात विकेट पर 155 रन बनाए

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 09:30 PM IST

लखनऊ, 26 अप्रैल (भाषा) मोहसिन खान की तूफानी गेंदबाजी से मुश्किलों में घिरे कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह के तेजतर्रार अर्धशतक से इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ सात विकेट पर 155 रन बनाए।

मोहसिन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर पांच विकेट चटकाए और सुपर जाइंट्स के शीर्ष और मध्यक्रम को ध्वस्त किया। स्पिनर जॉर्ज लिंडे ने भी 18 रन देकर एक विकेट चटकाया।

नाइट राइडर्स की ओर से रिंकू ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी के दौरान 51 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों से नाबाद 83 रन की पारी खेलने के अलावा कैमरन ग्रीन (34) के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 और सुनील नारायण (नाबाद 04) के साथ आठवें विकेट के लिए 30 गेंद में 62 रन की अटूट साझेदारी की। रिंकू और ग्रीन के अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे (10) ही दोहरे अंक में पहुंच गए।

सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसे मोहसिन ने बिल्कुल सही साबित करते हुए नाइट राइडर्स का स्कोर चार विकेट पर 31 रन कर दिया। मोहसिन ने दूसरे ओवर में ही टिम सीफर्ट (00) को मुकुल चौधरी के हाथों कैच करा दिया।

कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मोहम्मद शमी पर पारी का पहला छक्का जड़ा लेकिन मोहसिन की गेंद को एडेन मारक्रम को कैच दे बैठे।

अंगकृष रघुवंशी (09) इसके बाद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से क्षेत्ररक्षण में बाधा पहुंचाने के कारण आउट हुए।

नाइट राइडर्स की टीम पावर प्ले में तीन विकेट पर 31 रन ही बना सकी।

मोहसिन ने रोवमैन पावेल (01) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराके नाइट राइडर्स को चौथा झटका दिया।

कैमरन ग्रीन ने नौवें ओवर में जॉर्ज लिंडे पर दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया।

ग्रीन ने मोहसिन पर भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर भाग्यशाली रहे जब गेंद दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव के बीच में गिर गई।

ग्रीन हालांकि इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और एक गेंद बाद विकेटकीपर पंत को कैच दे बैठे।

मोहसिन ने अगली गेंद पर अनुकूल रॉय (00) को भी आयुष बडोनी के हाथों कैच कराके करियर में पहली बार पांच विकेट हासिल किए और सुपर जाइंट्स का छह विकेट पर 73 रन किया।

रिंकू सिंह ने 14वें ओवर में राठी पर लगातार दो चौकों के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया।

नाइट राइडर्स के रनों का शतक 16वें ओवर में पूरा हुआ।

रिंकू ने शमी पर छक्के और दो चौकों के साथ 42 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में राठी पर लगातार चार छक्कों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता