मुकेश को मिला पहला विकेट, वेस्टइंडीज के लंच तक दो विकेट पर 117 रन

Ads

मुकेश को मिला पहला विकेट, वेस्टइंडीज के लंच तक दो विकेट पर 117 रन

  •  
  • Publish Date - July 22, 2023 / 10:03 PM IST,
    Updated On - July 22, 2023 / 10:03 PM IST

पोर्ट ऑफ स्पेन, 22 जुलाई (भाषा) भारत के लिए पदार्पण कर रहे मुकेश कुमार ने अपनी अच्छी गेंदबाजी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला विकेट हासिल किया जिससे वेस्टइंडीज ने शनिवार को यहां दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बारिश के कारण पड़ी खलल के बाद जल्दी लंच लिये जाने तक दो विकेट पर 117 रन बना लिये।

कप्तान क्रेग ब्रेथवेट 49 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं, उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को काफी हताश किया। दिन की शुरुआत 37 रन से करने वाले ब्रेथवेट ने अपनी पारी को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाया।

ब्रेथवेट किसी भी गेंदबाज से परेशान नहीं दिखे जिससे उन्होंने सुबह के सत्र में 10 के करीब ओवर के दौरान 31 से ज्यादा रन जोड़े।

मुकेश ने फुल लेंथ गेंद पर वेस्टइंडीज के लिए पदार्पण कर रहे किर्क मैकेंजी (57 गेंद में 32 रन) को आउट किया। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारे लेते हुए विकेटकीपर इशान किशन के दस्तानों में चली गयी। इसके बाद बारिश के कारण खेल को रोकना पड़ा।

मैंकेजी ने ब्रेथवेट का अच्छा साथ निभाया, वह चार चौके और एक छक्का जड़कर अच्छी लय में दिख रहे थे। लेकिन लंबी पारी नहीं खेल सके।

पिच से स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही है जिससे भारतीय गेंदबाजों के लिए अभी तक का सत्र मुश्किल भरा रहा।

सौराष्ट्र के अनुभवी बायें हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट विकेट झटकने के लिये बेताब हैं और उन्हें भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की कमजोर कड़ी कहा जा सकता है जिन्होंने अभी तक नौ ओवर में 31 रन दिये हैं।

विकेट नहीं झटकने के अलावा उनादकट अपनी गेंदबाजी से ब्रेथवेट के सामने मुश्किल नहीं खड़ी कर पाये जिन्होंने काफी रक्षात्मक बल्लेबाजी की।

अभी तक विकेट नहीं लेने से उनादकट का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगली श्रृंखला के लिए टीम में जगह बरकरार रख पाना काफी कठिन होगा।

बारिश के कारण जब खेल रोका गया तो वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट गंवाकर 117 रन था, जिसने सुबह एक विकेट पर 86 रन से खेलना शुरू किया।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द