कल्याणी, 17 फरवरी (भाषा) तेज गेंदबाज आकिब नबी के हरफनमौला खेल से जम्मू कश्मीर रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के तीसरे दिन मंगलवार को यहां बंगाल के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर फाइनल में पहुंचने के करीब पहुंच गया।
मैच में नौ विकेट लेने वाले नबी ने जम्मू कश्मीर की पहली पारी में नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 42 रन की अहम पारी खेली जिससे बंगाल की टीम बड़ी बढ़त लेने में नाकाम रही।
नबी के हरफनमौला खेल ने भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी को फीका कर दिया। शमी ने जम्मू कश्मीर की पहली पारी में 22.1 ओवर में 90 रन देकर आठ विकेट लिये। बंगाल की पहली पारी में 328 रन के जवाब में जम्मू कश्मीर की पहली पारी 302 रन पर सिमटी।
पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले नबी ने दूसरी पारी में भी चार विकेट झटके जिससे बंगाल की टीम दूसरी पारी में महज 25.1 ओवर में 99 रन पर आउट हो गयी और जम्मू कश्मीर को जीत के लिए महज 126 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्या पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर ने स्टंप्स तक दो विकेट पर 43 बना लिए थे। टीम को जीत के लिए अब भी 83 रन की दरकार है और दो दिन का खेल शेष है।
जम्मू-कश्मीर ने शुभम खजूरिया (एक) और यावर हसन (छह) के विकेट लगातार ओवरों में आकाश दीप की गेंद पर गंवा दिए, लेकिन बाएं हाथ के शुभम पुंडीर 37 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 23 रन बनाकर नाबाद लौटे और बेहद संयमित दिखे।
क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ दूसरी पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पर अर्धशतक जड़ने वाले युवा वंशज शर्मा को इस मैच में नंबर चार पर पदोन्नत किया गया। वह 25 गेंदों की धैर्यपूर्ण पारी में नौ रन बनाकर खजूरिया का साथ दे रहे हैं।
यह जोड़ी दिन का खेल खत्म होने के बाद जब पवेलियन लौटी तो जम्मू-कश्मीर खेमे ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। रणजी ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल खेल रहा जम्मू कश्मीर अब फाइनल में पहुचने के करीब है।
घरेलू मैदान का फायदा मिलने के बावजूद बंगाल को अब फाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए असाधारण वापसी करनी होगी।
दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 198 रन से करने वाली जम्मू-कश्मीर की पारी को शमी के तेज और अनुशासित स्पेल ने झकझोर दिया।
पूरी तरह फिट न होने और 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के आसपास गेंदबाजी करने के बावजूद शमी ने पांचवें स्टंप की लाइन पर सटीक सीम मूवमेंट से कहर बरपाया।
उन्होंने आबिद मुश्ताक (27) और कन्हैया वधावन (29) को आउट कर इस सत्र में अपना तीसरा और प्रथम श्रेणी करियर का 15वीं बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
जब ऐसा लग रहा था कि बंगाल पहली पारी में निर्णायक बढ़त हासिल कर लेगा, तभी नबी ने 54 गेंदों पर एक छक्का और पांच चौकों से सजी 42 रन की पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया।
उन्होंने दसवें क्रम के बल्लेबाज युधवीर सिंह ने ( 42 गेंदों पर 33 रन) बनाकर के साथ नौवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े कर टीम को पहली पारी में बड़े अंतर से पिछड़ने से बचा लिया।
सुबह के सत्र में जहां शमी ने बंगाल को उम्मीद दी थी, वहीं दोपहर में नबी ने 10 ओवर में 36 रन पर चार विकेट के साथ उसे ध्वस्त कर दिया। उन्हें बाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज सुनील कुमार (9.1 ओवर में 27 रन पर चार विकेट का शानदार साथ मिला।
नबी ने बंगाल की दूसरी पारी के पहले ही ओवर में सुदीप चटर्जी को पगबाधा कर खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। सुनील कुमार ने पिछली पारी में शतक लगाने वाले सुदीप कुमार घरामी को आउट किया। आंध्र के खिलाफ पिछले मैच में 299 रन बनाने वाले घरामी यहां तीन गेंद में बिना खाता खोले लौटे।
बंगाल के बल्लेबाज इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। शाहबाज अहमद (24) 20 रन के आंकड़े को पार करने वाले बंगाल के इकलौते बल्लेबाज रहे।
भाषा आनन्द मोना
मोना