ब्रेविस को उसका स्वाभाविक खेल दिखाने से रोकने पर एक्स फैक्टर चला जायेगा : मोर्कल

Ads

ब्रेविस को उसका स्वाभाविक खेल दिखाने से रोकने पर एक्स फैक्टर चला जायेगा : मोर्कल

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 07:04 PM IST

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा ) दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञ सलाहकार कोच एल्बी मोर्कल ने यूएई के खिलाफ बुधवार को टीम के आखिरी ग्रुप लीग मैच से पहले कहा कि डेवाल्ड ब्रेविस के पास ‘एक्स फैक्टर’ है और किसी को इसमें बदलाव नहीं करना चाहिये ।

ब्रेविस अब तक तीन मैचों में 50 रन ही बना सके हैं। उनका खराब फॉर्म दक्षिण अफ्रीका के लिये चिंता का सबब बना हुआ है जिसे भारत के खिलाफ 22 फरवरी को सुपर आठ मैच खेलना है ।

यह पूछने पर कि क्या ब्रेविस से कोई बात हुई है, मोर्कल ने कहा ,‘‘ कोई बात नहीं हुई है । हम उसे एक्स फैक्टर खिलाड़ी की तरह देखते हैं । अगर उसे किसी खास तरीके से खेलने को कहा जायेगा तो वह एक्स फैक्टर चला जायेगा ।’’

मोर्कल ने कहा कि जोखिम लेकर खेलने के ब्रेविस के तरीके से कई बार प्रशंसक नाराज हो जाते हैं लेकिन इसी से वह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी कर पाता है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ कई बार वह आपका दिल तोड़ देता है लेकिन वह मैच जिताकर भी देता है । इसलिये उसे उसके हिसाब से खेलने देना ही सही है । हमारी टीम में कई खिलाड़ी हैं जो जरूरत पड़ने पर सूत्रधार की भूमिका निभा सकते हैं लेकिन वह हमारा एक्स फैक्टर है ।’’

न्यूजीलैंड के खिलाफ कप्तान एडेन माक्ररम की पारी के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘एडेन बड़े टूर्नामेंटों का खिलाड़ी है । हमारे अधिकांश खिलाड़ियों ने एसए 20 में बेहतरीन प्रदर्शन किया और और सभी फॉर्म में यहां आये थे जो काफी अहम है ।’’

भाषा मोना आनन्द

आनन्द