नीदरलैंड की चुनौती के लिए अच्छी तैयारी करते दिख रहे हैं नागल

Ads

नीदरलैंड की चुनौती के लिए अच्छी तैयारी करते दिख रहे हैं नागल

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 08:15 PM IST

(अमनप्रीत सिंह)

बेंगलुरु, चार फरवरी (भाषा) भारत की डेविस कप टीम ने बुधवार को यहां एक कड़े और व्यवस्थित अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया जिसमें शीर्ष एकल खिलाड़ी सुमित नागल ने धीरे-धीरे अपनी तीव्रता बढ़ाई क्योंकि टीम नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है।

हाल ही में कूल्हे की चोट के बाद वापसी कर रहे नागल ने दक्षिणेश्वर सुरेश के साथ सत्र शुरू किया। शुरुआती पलों में नागल अपनी मूवमेंट को लेकर सतर्क दिखे लेकिन उन्होंने बेसलाइन से धीरे-धीरे लय पकड़ ली।

दक्षिणेश्वर ने अपनी सर्विस में निरंतरता से प्रभावित किया जबकि नागल ने टाइमिंग और नियंत्रित शॉट लगाने पर ध्यान केंद्रित किया।

पास के कोर्ट पर करण सिंह ने पहले युवा खिलाड़ी अर्णव पापर्कर के साथ अभ्यास किया और फिर साझेदार बदलकर बाएं हाथ के खिलाड़ी अनिरुद्ध चंद्रशेखर के साथ खेले। करण ड्रिल्स के दौरान सबसे अलग दिखे, उन्होंने दोनों तरफ से गेंद को साफ और दमदार तरीके से मारा।

बाद में युगल विशेषज्ञ एन श्रीराम बालाजी ने चंद्रशेखर के साथ अभ्यास किया। दोनों ने युकी भांबरी और दक्षिणेश्वर के खिलाफ एक अभ्यास सेट खेला। इस सेट ने चारों खिलाड़ियों को मैच का अनुभव हासिल करने का मौका दिया।

ऋत्विक बोलिपल्ली शाम के सत्र में शामिल नहीं हुए। बालाजी बहुत तेज दिखे और अगर कप्तान उन्हें मैच में मौका देते हैं तो यह कोई हैरानी की बात नहीं होगी।

सत्र के अंत में नागल ने काफी देर तक हिटिंग की, इस बार पूरी ताकत से। देश के नंबर एक खिलाड़ी ने सहज, दमदार फोरहैंड और बैकहैंड लगाए जिससे मैच के लिए तैयार होने के उत्साहजनक संकेत मिले।

भारतीय टीम कई दिन से बेंगलुरु में ट्रेनिंग कर रही है जो स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल होने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

नागल और टीम के नीदरलैंड के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले मुकाबले के लिए तैयार होने के तरीके से कप्तान रोहित राजपाल खुश थे।

राजपाल ने सत्र के बाद पीटीआई से कहा, ‘‘मैं सुमित की प्रगति से खुश हूं। वह दिन-ब-दिन बेहतर हो रहा है। हमने उसे मैच के लिए तैयार करने के लिए ड्रिल्स करवाए, अंक और टाईब्रेकर खिलवाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ियों को यहां जल्दी लाने से हमें फायदा हुआ है। उन्होंने समय की कमी के कारण जबरदस्ती सामंजस्य बैठाने की जगह आराम से और स्वाभाविक तरीके से सामंजस्य बैठाना शुरू किया। हम अलग-अलग संयोजन आजमा रहे हैं जिससे कि खिलाड़ियों को अलग-अलग शैली में खेलने का मौका मिले। हमारे साथ अनिरुद्ध भी हैं, बाएं हाथ का खिलाड़ी होने के नाते वह हमें नीदरलैंड के दाएं-बाएं हाथ के संयोजन के लिए तैयारी करने में मदद कर रहे हैं।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता