टी20 विश्व कप अभ्यास मैच: इशान का अर्धशतक, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 241 रन का लक्ष्य दिया

Ads

टी20 विश्व कप अभ्यास मैच: इशान का अर्धशतक, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 241 रन का लक्ष्य दिया

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 09:28 PM IST

नवी मुंबई, चार फरवरी (भाषा) इशान किशन की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच में बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट पर 240 रन बनाए।

इशान ने 20 गेंद में सात छक्कों और दो चौकों के साथ 53 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक शर्मा (24) के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में तीन छक्कों और इतने ही चौकों से 45 रन बनाए।

अक्षर पटेल (नाबाद 35), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) और हार्दिक पंड्या (30) ने भी उपयोगी पारियां खेली।

उम्मीद है कि इशान सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले टी20 विश्व कप मैच में अभिषेक के साथ पारी का आगाज करेंगे।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई।

इशान ने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर में दो छक्के मारे जबकि कागिसो रबादा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

अभिषेक ने कोर्बिन बॉश पर लगातार तीन चौके मारे। इशान ने पांचवें ओवर में एनरिच नोर्किया की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौके से 29 रन जोड़े।

इशान ने क्वेना मफाका पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर रिटायर्ड आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और दो चौके लगाए।

भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए।

अभिषेक भी 24 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए।

चोट के बाद वापसी कर रहे वर्मा शानदार लय में दिखे। उन्होंने स्पिनर जॉर्ज लिंडे पर छक्के और चौके से शुरुआत की और फिर नोर्किया पर भी लगातार दो चौके मारे।

भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बनाए।

मार्को यानसेन ने तिलक को बोल्ड किया। उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और तीन चौके मारे।

सूर्यकुमार भी 16 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से 30 रन बनाने के बाद मफाका की गेंद पर लिंडे को कैच दे बैठे।

उप कप्तान अक्षर पटेल ने भी 23 गेंद की अपनी पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए जबकि पंड्या ने कोर्बिन बॉश का शिकार बनने से पहले 10 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे।

बॉश की गेंद रिंकू सिंह के हेलमेट में लगी। उन्होंने 16 रन बनाए।

भाषा

सुधीर नमिता

नमिता