नाईक के अर्धशतक से आरसीबी के छह विकेट पर 178 रन

Ads

नाईक के अर्धशतक से आरसीबी के छह विकेट पर 178 रन

  •  
  • Publish Date - January 19, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - January 19, 2026 / 09:26 PM IST

वडोदरा, 19 जनवरी (भाषा) गौतमी नाईक के जुझारू अर्धशतक की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने गुजरात जाइंट्स के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग के मैच में सोमवार को छह विकेट पर 178 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया ।

अब तक चारों मैच जीतकर शीर्ष पर काबिज आरसीबी की शुरूआत अच्छी नहीं रही । पहले ओवर में ग्रेस हैरिस और दूसरे ओवर में जॉर्जिया वोल पवेलियन लौट गए जब स्कोर नौ रन ही था । पहला विकेट तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने और दूसरा आस्ट्रेलिया दौरे के लिये भारतीय टीम में जगह बनाने वाली काशवी गौतम ने चटकाया ।

पिछले मैच में 96 रन बनाने वाली कप्तान स्मृति मंधाना (23 गेंद में 26 रन ) ने नाईक के साथ तीसरे विकेट के लिये 60 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला ।

गुजरात की कप्तान एशले गार्डनर ने हालांकि मंधाना को पगबाधा आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा । भारत ने रिव्यू लिया लेकिन तीसरे अंपायर का फैसला गेंदबाज के पक्ष में रहा ।

नाईक ने 55 गेंद की अपनी पारी में सात चौकों और एक छक्के के साथ 73 रन बनाये । उन्होंने रिचा घोष के साथ चौथे विकेट के लिये 69 रन जोड़े । रिचा ने 20 गेंद में 27 रन का योगदान दिया जिसमें तीन छक्के शामिल थे ।

नाईक को 18वें ओवर में गार्डनर ने बोल्ड किया । राधा यादव ने आखिर में आठ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 17 रन बनाये ।

गुजरात जाइंट्स के लिये काशवी गौतम और गार्डनर ने दो दो विकेट लिये जबकि सोफी डेवाइन और रेणुका सिंह को एक एक विकेट मिला ।

भाषा

मोना

मोना