श्री विजयपुरम, छह अप्रैल (भाषा) अंडमान के बटलर की खाड़ी में नौ से 12 अप्रैल तक राष्ट्रीय सर्फिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बटलर की खाड़ी श्री विजयपुरम से लगभग 130 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पहली बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।
सूचना, प्रचार और पर्यटन कार्यालय के निदेशक विनायक चमाडिया ने कहा, ‘‘भारतीय सर्फिंग महासंघ के सहयोग से आयोजित की जाने वाली यह प्रतियोगिता जापान में होने वाले एशियाई खेलों को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस चैंपियनशिप में देशभर के शीर्ष सर्फर भाग लेंगे। अंडमान में इस प्रतियोगिता का आयोजन करने का उद्देश्य इस द्वीपसमूह को सर्फिंग और समुद्री खेलों के उभरते केंद्र के रूप में बढ़ावा देना है।’’
भाषा
पंत
पंत