निखिल सिंह ने जीती लद्दाख मैराथन
निखिल सिंह ने जीती लद्दाख मैराथन
लेह, 13 सितंबर (भाषा) निखिल सिंह ने रविवार को लंबी दूरी के कुछ स्थानीय धावकों को पीछे छोड़कर काफी ऊंचाई पर आयोजित लद्दाख मैराथन में जीत हासिल करके सभी को चौंका दिया।
मुंबई में अभ्यास करने वाले निखिल ने यह कठिन दौड़ को दो घंटे, 44 मिनट और 40 सेकंड में पूरी करके पहला स्थान हासिल किया।
निखिल ने जीत के बाद पीटीआई से कहा, ‘‘मैं बिल्कुल भी नहीं रुका। मैं अपनी गति धीमी नहीं करना चाहता था। आखिरी चढ़ाई थोड़ी कठिन थी, फिर भी मैं नहीं रुका। मेरी मानसिक मजबूती और सही रणनीति कारगर साबित हुई। मुझे पूरा भरोसा था कि मैं शीर्ष तीन में जगह बनाने में सफल रहूंगा। दौड़ आगे बढ़ने के साथ मेरा आत्मविश्वास बढ़ता गया कि मैं जीत हासिल कर सकता हूं।’’
इस मैराथन में भारत और विदेशों के 8000 से अधिक धावकों ने भाग लिया।
इससे पहले लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 42 किलोमीटर की मैराथन और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सक्सेना ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लद्दाख में भारत और दुनिया भर के धावकों को एक साथ अपनी सहनशक्ति, दृढ़ संकल्प और रोमांच की भावना का प्रदर्शन करते हुए देखना प्रेरणादायक है।’’
उन्होंने प्रतिभागियों, आयोजकों, स्वयंसेवकों और सहायक टीमों को बधाई देते हुए कहा कि लद्दाख मैराथन की बढ़ती लोकप्रियता ने इसे एक प्रतिष्ठित वैश्विक खेल आयोजन के रूप में स्थापित कर दिया है।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


