वरुण की काबिलियत पर किसी को कोई शक नहीं था: ब्रावो
वरुण की काबिलियत पर किसी को कोई शक नहीं था: ब्रावो
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजी कोच और मेंटोर ड्वेन ब्रावो का मानना है कि ‘मिस्ट्री स्पिनर’ वरुण चक्रवर्ती पर फ्रेंचाइजी के अटूट भरोसे ने मौजूदा आईपीएल सत्र के दौरान उनकी फॉर्म में वापसी में अहम भूमिका निभाई है।
चक्रवर्ती केकेआर के लिए इस सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और उन्होंने अभी तक 10 विकेट लिए हैं।
ब्रावो ने कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत में खराब दौर से गुजरने के बावजूद टीम को इस स्पिनर की काबिलियत पर कभी कोई शक नहीं हुआ।
उन्होंने यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘मुझे लगता है कि खेल में सब कुछ नतीजों पर आधारित होता है और कभी-कभी लोग बहुत भावुक हो जाते हैं। इसलिए वरुण जैसा विश्व स्तरीय स्पिनर अभी-अभी विश्व कप खेलकर आया था जो थकाने वाला टूर्नामेंट था। ’’
चक्रवर्ती को आराम की जरूरत थी, लेकिन उनकी काबिलियत पर कभी कोई सवाल नहीं उठा।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए सही समय पर आराम करना हमेशा ज़रूरी होता है, लेकिन किसी ने भी उनकी काबिलियत पर कभी सवाल नहीं उठाया क्योंकि जब आप इतने अच्छे खिलाड़ी होते हैं तो फॉर्म में वापसी करना बस कुछ समय की बात होती है। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


