पीसीबी ने बकाया नहीं चुकाने वाले प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों को कानूनी नोटिस भेजे

Ads

पीसीबी ने बकाया नहीं चुकाने वाले प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों को कानूनी नोटिस भेजे

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 04:31 PM IST

लाहौर, छह मई (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बकाया नहीं चुकाने वाली फ्रेंचाइजी, प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों से अरबों रुपये का बकाया वसूलने के लिए कड़ा अभियान शुरू किया है।

पीसीबी के एक सूत्र के अनुसार हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की विभिन्न फ्रेंचाइज़ियों, प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारों को कानूनी नोटिस भेजे गए हैं। इन नोटिस में उनसे बकाया चुकाने के लिए कहा गया है जिससे कि उन्हें किसी भी कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़े जिसके चलते उनके संबंधित अनुबंध रद्द हो सकते हैं।

सूत्र ने बताया, ‘‘शुरुआत में पाकिस्तान सुपर लीग की कुछ बकाया नहीं चुकाने वाली फ्रेंचाइजी को भी नोटिस भेजे गए थे जिसमें उनसे अपनी बकाया सालाना फीस चुकाने या कार्रवाई का सामना करने के लिए कहा गया था। इन फ्रेंचाइजी ने अब अपना बकाया चुका दिया है लेकिन साथ ही बोर्ड से यह भी कहा है कि वे 2010 से लंबित फ्रेंचाइजी के लिए केंद्रीय पूल से बकाया उनका हिस्सा भी चुका दे।’’

सूत्र ने बताया कि एक फ्रेंचाइजी ने शिकायत की थी कि उनकी सालाना फीस इसलिए अटकी हुई है क्योंकि बोर्ड ने पीएसएल के 10वें सत्र के लिए केंद्रीय पूल से उनका पूरा हिस्सा (लगभग 96 करोड़ पाकिस्तानी रुपये) अभी तक नहीं चुकाया है। इसके जवाब में बोर्ड ने उस फ्रेंचाइजी को साफ-साफ कह दिया कि जब तक अनुबंध करने वाले पक्ष अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करेंगे तब तक बोर्ड बकाया कैसे चुका सकता है।

सूत्र ने बताया कि बोर्ड पर अब भी पीएसएल के 2025 के केंद्रीय पूल से कुछ फ्रेंचाइजी का 40 से 45 करोड़ रुपये बकाया है।

सूत्र ने यह भी बताया कि बोर्ड का सबसे बड़ा बकायेदार एक ऐसी कंपनी है जिसने पीसीबी से ना केवल पीएसएल के लिए बल्कि अन्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के लिए भी प्रसारण, अन्य मीडिया और व्यावसायिक अधिकार हासिल किए थे। उस कंपनी ने हालांकि घोषणा की है कि उसे भारी नुकसान हुआ है और उस पर अब भी लगभग 4.5 अरब पाकिस्तानी रुपये बकाया है जिसे उसने अभी तक नहीं चुकाया है।

भाषा सुधीर पंत

पंत