ग्लास्गो, 26 जुलाई (भाषा) एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज प्रीति पंवार ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में मलावी की डेबोरा मतेनजे को आरएससी से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
भिवानी की 22 वर्षीय प्रीति ने मुकाबले के दौरान अपनी प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। उन्होंने दूसरे राउंड में आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) के फैसले से जीत दर्ज की।
प्रीति ने 2022 एशियाई खेलों में कांस्य पदक और पिछले साल नयी दिल्ली विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था।
मलावी की मुक्केबाज को दोनों राउंड में एक-एक बार ‘स्टैंडिंग काउंट’ का सामना करना पड़ा। दूसरे राउंड में 47 सेकंड शेष रहते रेफरी ने मुकाबला रोक दिया। पहले राउंड में प्रीति को सभी पांचों जजों ने सर्वसम्मति से अंक दिए थे।
इस जीत के साथ प्रीति अब अपने पहले राष्ट्रमंडल खेल पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
अब उनका सामना मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड से होगा। क्लाइड ने इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में घाना की नैंसी बाम्फो को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई थी।
दोनों मुक्केबाज एक-दूसरे से अच्छी तरह परिचित हैं। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले बेलफास्ट में दोनों ने ‘स्पारिंग पार्टनर’ के रूप में साथ ट्रेनिंग ली थी।
प्रीति ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह मेरा पहला मुकाबला था और मैं देखना चाहती थी कि रिंग में खुद को किस तरह संभाल पाती हूं। पहले राउंड में मैंने रिंग के माहौल को समझा और दूसरे राउंड में आक्रामक खेल दिखाया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा ड्रॉ अच्छा है और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगी। उम्मीद है कि मैं भारत के लिए पदक जीतने में सफल रहूंगी। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द