कुआलालंपुर, नौ मई (भाषा) पुखराज सिंह गिल ने ‘आर एंड ए’ की एडीटी प्लेयर्स चैंपियनशिप के तीन खिलाड़ियों के रोमांचक प्ले-ऑफ में धैर्य बनाए रखते हुए रविवार को यहां खिताब अपने नाम किया।
गिल ने शुरुआती दौर से ही बढ़त कायम रखते हुए दबाव भरे पलों में मानसिक मजबूती दिखाई और पहली बार यह खिताब जीतने में सफल रहे।
आईजीपीएल में खेलने वाले गिल ने अंतिम दौर में लय से भटकते हुए 72 का कार्ड खेलकर कुल 13-अंडर का स्कोर बनाया। उनके साथ थानाविन ली (68) और सीन रामोस (68) भी बराबरी पर रहे।
गिल ने प्ले-ऑफ के दूसरे होल के बाद खिताब के साथ पुरस्कार के तौर पर 19,250 डॉलर की राशि भी अपने नाम की।
इस जीत के साथ गिल ने एडीटी ऑर्डर ऑफ मेरिट की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। चार प्रतियोगिताओं के बाद गिल फिलहाल ऑर्डर ऑफ मेरिट में तीसरे स्थान पर हैं।
इस प्रतियोगिता के कट में प्रवेश करने वाले अन्य भारतीयों में कार्तिक सिंह ने दिन का सर्वश्रेष्ठ 65 का स्कोर बनाया और संयुक्त 30वें स्थान पर रहे। वहीं, खालिन जोशी 77 के स्कोर के साथ संयुक्त 46वें स्थान पर रहे।
गिल ने दूसरे प्ले-ऑफ होल में छह फीट का पुट लगाकर जीत पक्की की। गेंद के होल में जाते ही उन्होंने दोनों हाथ ऊपर उठाकर जश्न मनाया।
उनका खिताब पक्का होते ही अमन राज और आर्यन रूपा आनंद समेत अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया और एक साथ जीत का जश्न मनाया।
गिल ने कहा, “इस जीत का इंतजार काफी लंबा रहा। यह एहसास अविश्वसनीय है। मुझे लगता है कि इसे पूरी तरह महसूस करने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन फिलहाल मैं बेहद उत्साहित हूं। मलेशिया में यह सप्ताह शानदार रहा। पहली बार इस कोर्स पर खेलते हुए मुझे इसका डिजाइन बहुत पसंद आया। यह मेरे खेल के अनुकूल था और खुशी है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सका।”
उन्होंने कहा, “अंतिम क्षणों में मुकाबला मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा रोमांचक हो गया और मामला प्ले-ऑफ तक पहुंच गया। वहां जीत हासिल करने के बाद मैं खुद को सातवें आसमान पर महसूस कर रहा हूं। इस जीत का एहसास पूरी तरह दिल में उतरने में अभी थोड़ा समय लगेगा।”
भारतीय खिलाड़ियों में गिल से पहले करण कोचर ने मिस्र में एडीटी खिताब जीता था।
भाषा आनन्द मोना
मोना