दुबई, एक मार्च (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने रविवार को दुबई हवाई अड्डे पर स्थिति को ‘तनावपूर्ण और डरावना’ बताया क्योंकि जहां खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच वह और उनके इंडोनेशियाई कोच रुके हुए थे और उसके पास एक धमाका हुआ।
ईरान के मिसाइल हमलों के बाद खाड़ी देशों के कुछ हिस्सों में धमाकों की खबरें आई हैं जिसमें संयुक्त अरब अमीरात भी शामिल है।
इसके बाद कई विमान कंपनियों को या दो अपनी उड़ानें रद्द करनी पड़ी या मार्ग बदलना पड़ा।
सिंधू को तीन मार्च से शुरू होने वाली ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है और वह शनिवार से अपने इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ दुबई में फंसी हुई हैं क्योंकि क्षेत्र में मिसाइल हमलों के बीच वायुक्षेत्र को बंद किया गया है।
सिंधू ने पीटीआई वीडियो को बताया, ‘‘जैसे ही हमारा विमान दुबई में उतरा तो हमारे नियंत्रण से बाहर की चीजें होने लगीं। थोड़ी देर बाद वायु क्षेत्र बंद कर दिया गया और पिछले कुछ घंटे बहुत तनाव वाले रहे। हम ऊपर से इंटरसेप्शन की आवाजें सुन सकते थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ घंटों बाद दुबई हवाई अड्डे पर हम जहां छिपे हुए थे उसके बहुत पास एक धमाका हुआ। जब यह हुआ तो मेरे कोच मुश्किल से 100 मीटर दूर थे और जल्दी से उस जगह से बाहर निकलना पड़ा। इतने पास से ऐसा कुछ महसूस करना सच में दिल दहला देता है।’’
सिंधू के इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा ने भी पीटीआई को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वह बाल-बाल बचे।
इरवांस्याह ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे पर धमाका हुआ था इसलिए हम इस समय यहीं फंसे हुए हैं। उन्होंने हमें होटल में रखा है। हम ठीक हैं लेकिन फिर भी थोड़ी चिंता है। हम ऑल इंग्लैंड के लिए जाना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है कि हम आज उड़ान ले पाएंगे क्योंकि सिंधू का मैच बुधवार को है।’’
सिंधू ने इस मुश्किल समय में मदद के लिए दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत का भी शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सब अब सुरक्षित हैं और दुबई हवाई अड्डे के स्टाफ और दुबई अधिकारियों की लगातार कोशिशों की वजह से हमें अधिक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है।’’
एयर इंडिया ने खाड़ी देशों के बड़े स्थलों के लिए अपनी सभी सेवा रद्द करने का ऐलान किया है जबकि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने वायु क्षेत्र पाबंदियों की वजह से संचालन अनिश्चित समय के लिए रोक दिया है।
इस बीच विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा कि वह बैडमिंटन इंग्लैंड के साथ पश्चिम एशिया में चल रही भूराजनैतिक स्थिति से पैदा होने वाली यात्रा चुनौतियों पर करीब से नजर रख रहा है।
बीडब्ल्यूएफ ने बयान में कहा, ‘‘सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।’’
बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि वह खिलाड़ियों के आगमन में देरी की स्थिति में प्रतियोगिता कार्यक्रम की समीक्षा और संभावित आपात स्थिति के लिए तैयार है।
भारत के अधिकतर खिलाड़ी पहले ही बर्मिंघम पहुंच चुके हैं लेकिन सिंधू सहित कुछ खिलाड़ी बदलते भूराजनैतिक संकट से प्रभावित हैं।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी, पुरुष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन, युवा आयुष शेट्टी, गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की महिला युगल जोड़ी बर्मिंघम पहुंच चुके हैं।
मालविका बंसोड़ भी पहुंच गई हैं लेकिन उन्नति हुड्डा अब भी भारत में हैं क्योंकि नयी दिल्ली से बर्मिंघम के लिए उनकी सीधी उड़ान आखिरी समय में रद्द हो गई थी।
उन्नति ने कहा, ‘‘मुझे आज करीब 11 बजे यात्रा करनी थी लेकिन सुबह-सुबह पता चला कि उड़ान रद्द हो गई है। अन्य उड़ानों में सीटें खाली नहीं हैं। मैं बीएआई के संपर्क में हूं और वे बीडब्ल्यूएफ से बात कर रहे हैं कि शायद मेरे मैच देर से कराए जाएं।’’
भारत के पूर्व कोच विमल कुमार को भी शनिवार को निकलना था लेकिन बेंगलुरु में विमान में सवार होने से कुछ देर पहले उन्हें उड़ान के रद्द होने के बारे में पता चला।
युगल कोच बी सुमीत रेड्डी के साथ रोहन कपूर और रुतविका शिवानी की मिश्रित युगल जोड़ी सिंगापुर के रास्ते यात्रा करेगी।
भारतीय बैडमिंटन संघ के सचिव संजय मिश्रा ने कहा, ‘‘कुछ खिलाड़ी हैं जिन्हें हम सिंगापुर के रास्ते भेजने की कोशिश कर रहे हैं, कुछ पहुंच गए हैं। सात्विक और चिराग पहुंच गए हैं।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता