नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) विश्व में 45वें नंबर की भारतीय खिलाड़ी वीर चोटरानी ने अपने से बेहतर रैंकिंग के हमवतन खिलाड़ी अभय सिंह को पांच गेम तक चले कड़े मुकाबले में हराकर मिस्र के गीजा में चल रही विश्व स्क्वाश चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
चोटरानी ने विश्व में 22वें नंबर के खिलाड़ी अभय को 14-12, 8-11, 5-11, 11-7, 11-2 से हराया। यह चोटरानी की अभय के खिलाफ तीन मुकाबलों में दूसरी जीत है।
चोटरानी का अगला मुकाबला रविवार को मिस्र के विश्व में नंबर एक खिलाड़ी मुस्तफा असल से होगा।
वहीं भारतीय खिलाड़ियों में रमित टंडन और वेलावन सेंथिलकुमार को अपने पहले मुकाबले में हार झेलनी पड़ी।
दुनिया के 40वें नंबर के खिलाड़ी टंडन मिस्र के दुनिया के 21वें नंबर के खिलाड़ी करीम अल टर्की से 6-11, 11-7, 6-11, 0-11 से हार गए।
दुनिया के 50वें नंबर के खिलाड़ी सेंथिलकुमार दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी और फ्रांसीसी खिलाड़ी विक्टर क्रोइन से हार गए। क्रोइन ने 11-8, 11-8, 11-3 से जीत हासिल की।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द