Madhya Pradesh Satna News | Photo Credit: IBC24
सतना: Satna News जिले के धारकुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झखौरा में आज प्रशासन ने एक निर्माणाधीन विवादित भवन को जमींदोज कर दिया। भवन में बनाई जा रही धार्मिक संरचना को लेकर पिछले दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीन की मदद से लगभग तीन घंटे की कार्रवाई में पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
Madhya Pradesh Satna News कार्रवाई के दौरान मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार बिरसिंहपुर शैलेन्द्र शर्मा, तहसीलदार मझगवां हिमांशु शुक्ला, एसडीओपी चित्रकूट सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उक्त भवन को 5 जनवरी को सीज कर दिया गया था। यह कदम संपत्ति स्वामित्व को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद उठाया गया था। आदेश में कहा गया था कि स्वामित्व का अंतिम निराकरण होने तक स्थल की निगरानी ग्राम पंचायत द्वारा की जाएगी। यह कार्रवाई थाना प्रभारी के प्रतिवेदन के आधार पर की गई थी। जमीन को लेकर झखौरा निवासी कामता चौधरी और उनके रिश्तेदार लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल रहमान के बीच दावा-आपत्ति का मामला सामने आया था।
आरोप है कि विवादित भूखंड पर गुंबदनुमा धार्मिक ढांचा तैयार किया जा रहा था, जिसके बाद विवाद बढ़ा। इसी क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े एक मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर को की गई कार्रवाई में पिता-पुत्र सहित तीन आरोपियों को पकड़ा गया था। जांच के दौरान कुछ धार्मिक साहित्य, बैनर, झंडे और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया था। मोबाइल की सामग्री की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले के कुछ तार बाहरी राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका है, जिसकी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई राजस्व अभिलेख, शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर विधिसम्मत तरीके से की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।