केंद्रीय बजट ने महाराष्ट्र की अनदेखी की : आदित्य ठाकरे

Ads

केंद्रीय बजट ने महाराष्ट्र की अनदेखी की : आदित्य ठाकरे

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 06:36 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 06:36 PM IST

मुंबई, एक फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार को कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026-27 में ‘‘आर्थिक अस्थिरता’’ को दूर करने के बारे में नागरिकों में कोई विश्वास नहीं जगाया और सरकार के खजाने में सबसे बड़ा योगदान देने वाले महाराष्ट्र की अनदेखी की।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके आदित्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वह चुनावों से परे मुद्दों के बारे में सोचे, तो यह वास्तव में भारत के लिए एक ‘‘उपहार’’ होगा।

उन्होंने लिखा, ‘‘महाराष्ट्र की अनदेखी की गई, जो केंद्र सरकार के खजाने में सबसे बड़ा योगदानकर्ता है। चाहे जीडीपी हो, जीएसटी हो या आयकर, महाराष्ट्र सबसे बड़ा योगदानकर्ता है, लेकिन वह आनुपातिक रूप से सबसे अधिक उपेक्षित है।’’

आदित्य ने मुंबई और पुणे तथा सात अन्य शहरों के बीच हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर के संबंध में बजट में की गई घोषणा को लेकर सवाल किया कि केंद्र या राज्य सरकार में से कौन इस परियोजना को वित्त पोषित करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘वित्त मंत्री ने आर्थिक अस्थिरता, भू-राजनीति और (अमेरिकी डॉलर के मुकाबले) गिरते रुपये को लेकर नागरिकों में किसी भी तरह का विश्वास जगाने से जानबूझकर परहेज किया है। जबकि, कभी गिरते रुपये के कारण उनकी पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय स्तर पर बहुत हो-हल्ला मचाया था।’’

भाषा शफीक पारुल

पारुल