सनीथ दयानंद ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष एकल के मुख्य ड्रॉ में

Ads

सनीथ दयानंद ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष एकल के मुख्य ड्रॉ में

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 01:21 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 01:21 PM IST

सिडनी, नौ जून (भाषा) भारत के सनीथ दयानंद ने मंगलवार को यहां अपने क्वालीफाइंग मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली।

क्वालीफाइंग दौर में चौथी वरीयता प्राप्त दयानंद ने पहले स्थानीय खिलाड़ी कारोनो को 21-17, 21-15 से आसानी से हराया और फिर मलेशिया के मिंग होंग लिम को 21-9, 21-16 से हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह पक्की की।

मुख्य ड्रॉ में सनीथ को पहले दौर में चीन के हू झे आन से भिड़ना है।

मनराज सिंह हालांकि अपने दूसरे क्वालीफिकेशन मैच में मलेशिया के इओजीन इवे के खिलाफ 11-21, 18-21 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

पुरुष युगल मुख्य ड्रॉ में अच्युतादित्य राव और पी अर्जुन रेड्डी की भारतीय जोड़ी का सफर पहले ही दौर में खत्म हो गया जब उन्हें कांकी इगावा और ओई यी हर्न की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी के खिलाफ 15-21, 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

एकल में मुख्य दौर के मुकाबले बुधवार से शुरू होंगे जिसमें भारत की चुनौती की अगुवाई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू करेंगी।

तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू अपने अभियान की शुरुआत पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो के खिलाफ करेंगी। सिंधू अगर जीत दर्ज करती हैं तो अगले दौर में उनका सामना साथी भारतीय इशारानी बरुआ और चीन की हान कियान शी के बीच होने वाले पहले दौर के मुकाबले के विजेता से होगा।

महिला एकल में तन्वी शर्मा का सामना चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त चिउ पिन चियान से होगा जबकि मालविका बंसोड़ मलेशिया की गोह जिन वेई से भिड़ेंगी।

अनमोल खरब को अपने पहले ही मैच में जापान की पूर्व विश्व चैंपियन और चौथी वरीयता प्राप्त नोजोमी ओकुहारा की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।

आकर्षी कश्यप का मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा जबकि तान्या हेमंत की भिड़ंत अमेरिका की इशिका जायसवाल से होगी।

भाषा सुधीर

सुधीर