हापुड़ (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) हापुड़ जिले के गढ़ कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली के मुस्तफाबाद से कार सवार कुछ युवक बिजनौर में बारात में शामिल होने जा रहे थे तभी रास्ते में गढ़ थाना क्षेत्र में अचानक सड़क पर एक पशु सामने आ गया और उसे बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा।
उन्होंने बताया कि अनियंत्रित कार पहले पशु से टकराई और फिर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंची, इसी दौरान संभल की ओर से आ रही कार से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में दिल्ली निवासी सरफराज (45), अफजाल (37) तथा अबरार (48) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं सलीम आशीष
आशीष