वाकओवर मिलने के बाद सात्विक-चिराग प्री क्वार्टर फाइनल में, लक्ष्य हारे

Ads

वाकओवर मिलने के बाद सात्विक-चिराग प्री क्वार्टर फाइनल में, लक्ष्य हारे

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 07:18 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) भारत के लक्ष्य सेन बुधवार को यहां बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल वर्ग में अमेरिका के गैरेट टैन के हाथों दूसरे दौर में उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

विश्व चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता लक्ष्य पुरुष एकल के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में टैन की तेज गति, आक्रामक खेल और चकमा देने की रणनीति का सामना नहीं कर सके और 21-19, 19-21, 17-21 से हार गए।

हालांकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की पुरुष युगल जोड़ी वॉकओवर मिलने के बाद प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।

विश्व चैंपियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता भारत की पांचवीं वरीय जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी और दूसरे दौर में उसका सामना स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डुन और एडम प्रिंगल से होना था।

हालांकि बुधवार को ही मिश्रित युगल मुकाबले के दौरान डुन के दाहिने टखने में चोट लगने के बाद स्कॉटलैंड की जोड़ी ने अंतिम समय में नाम वापस ले लिया।

डुन और उनकी जोड़ीदार जूली मैकफर्सन मिश्रित युगल में पक्कापोन तीरारात्साकुल और सप्सिरी तेरातनाचाई के खिलाफ 8-18 से पीछे थे तभी डुन को चोट लगी।

ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी मकाऊ के लियोंग इओक चोंग और एनजी वेंग ची को 21-11, 21-11 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पदार्पण कर रहीं युवा उन्नति हुड्डा को महिला एकल के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पहला गेम जीतने के बावजूद कनाडा की 12वीं वरीय मिशेल ली के खिलाफ 21-11, 9-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा।

पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को भी राउंड ऑफ 32 के एक अन्य मुकाबले में कांग मिन ह्युक और की डोंग जू की कोरिया की जोड़ी के खिलाफ 17-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

लक्ष्य को टैन की तेज गति और आक्रामक खेल से परेशानी हुई। अमेरिकी खिलाड़ी ने स्मैश का प्रभावी इस्तेमाल किया और बार-बार भारतीय खिलाड़ी के बैकहैंड वाले पिछले कोने को निशाना बनाया। उन्होंने जंप स्मैश और चकमा देने वाले शॉट् से भी लक्ष्य को परेशान किया।

टैन ने पहले गेम में 4-1 की बढ़त बना ली लेकिन मुकाबला जल्द ही कड़ा हो गया और स्कोर 5-5 से 18-18 तक पहुंच गया। इसके बाद लक्ष्य ने बढ़त हासिल की और पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में टैन ने अपने आक्रमण को और तेज किया तथा रैलियों पर दबदबा बनाया। उन्होंने 4-0 की बढ़त बनाई और पूरे गेम में नियंत्रण बनाए रखा।

लक्ष्य ने वापसी की कोशिश करते हुए स्कोर 15-20 तक पहुंचाया और चार गेम प्वाइंट बचाए लेकिन टैन ने आखिरकार गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया।

निर्णायक गेम में टैन ने शुरुआत से ही नियंत्रण बना लिया और 12-4 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि सेन ने फिर जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 15-17 कर दिया।

टैन का 17वां अंक एक लंबी और रोमांचक रैली के बाद आया जिसमें वह आगे की ओर गिर गए और उन्हें मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा।

टैन ने इसके बाद जंप स्मैश लगाकर स्कोर 18-16 कर दिया।

इसके बाद लक्ष्य की सर्विस लंबी चली गई और टैन ने क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर चार मैच प्वाइंट हासिल कर लिए। लक्ष्य ने कुछ अच्छे स्मैश लगाकर खुद को मैच बनाए रखा लेकिन अगली रैली के दौरान फिसल गए। टैन ने मौके का फायदा उठाते हुए शटल को कोर्ट में गिरा दिया और यादगार जीत दर्ज की।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता