शुभमन गिल की बल्लेबाजी असाधारण रही है : विक्रम सोलंकी

Ads

शुभमन गिल की बल्लेबाजी असाधारण रही है : विक्रम सोलंकी

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 10:58 AM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 10:58 AM IST

… भरत शर्मा …

मुल्लांपुर, 30 मई (भाषा) गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कप्तान शुभमन गिल के आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन और निरंतरता की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इस सत्र में गिल का खेल पूरी तरह प्रभावशाली और प्रेरणादायक रहा है। गिल ने अब तक 722 रन बनाए हैं और टीम के लिए सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए हैं। उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन ने भी 710 रन जोड़कर शीर्ष क्रम को मजबूत आधार दिया है। दोनों बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट करीब 160 के आसपास रहा है, जिसने गुजरात टाइटंस के आक्रमण को नई धार दी है। क्वालीफायर दो में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाकर पांच सत्रों में तीसरी बार फाइनल में पहुंचाया। उनकी यह पारी मैच का निर्णायक क्षण मानी जा रही है। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी20 विश्व कप से पहले राष्ट्रीय टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन उनके मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी की संभावनाएं फिर से मजबूत मानी जा रही हैं। गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक सोलंकी ने कहा कि गिल की निरंतरता और फॉर्म ने पूरे सीजन में टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और वह लगातार बड़े मुकाबलों में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सोलंकी ने कहा, “यह पूरी तरह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। मैं कल्पना कर सकता हूं कि शुभमन ने यहां तक पहुंचने के लिए कितनी मेहनत की होगी। वह एक असाधारण युवा खिलाड़ी हैं, और यह याद रखना जरूरी है कि वह अभी भी युवा हैं। जिस तरह वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह वास्तव में अद्भुत है।” उन्होंने साई सुदर्शन की भी तारीफ करते हुए कहा, ‘‘वह भी किसी से कम नहीं हैं और सीखने की कोशिश करते रहते हैं। वह गिल को आदर्श मानते हैं और उनकी बल्लेबाजी में पारंपरिक तकनीक और कौशल की झलक दिखाई देती है।’’ उन्होंने कहा, “अगर परिस्थितियां मांग करती हैं और रन गति बढ़ाने की जरूरत होती है, तो दोनों खिलाड़ी अपने खेल को उसी अनुसार ढालने में पूरी तरह सक्षम हैं।” टी20 विश्व कप टीम से बाहर किए जाने के बाद गिल की मानसिकता में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सोलंकी ने कहा कि वह हमेशा की तरह ही तैयार होकर आए थे। उन्होंने कहा, “वह एक शानदार प्रतिभा हैं। टी20 क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, और उन्हें इन परिस्थितियों से निपटना आता है। इतनी कम उम्र में भी उनके पास काफी अनुभव है।” सोलंकी ने आगे कहा कि सफलता और असफलता दोनों ही पेशेवर खेल का हिस्सा हैं, और गिल इस संतुलन को बखूबी समझते हैं।उन्होंने कहा, “जब वह कैंप में आए, तो वह पूरी तरह संयमित थे। उनकी तैयारी हमेशा की तरह बेहतरीन थी। चाहे वह किसी भी टीम की जर्सी पहनें, उनकी तैयारी हमेशा एक जैसी रहती है, और यही कारण है कि वह इस सत्र में भी उसी स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।” भाषा आनन्द आनन्द