अमेरिका और चीन ने जवाबी कार्रवाई में एक-दूसरे के पत्रकारों को निष्कासित किया

Ads

अमेरिका और चीन ने जवाबी कार्रवाई में एक-दूसरे के पत्रकारों को निष्कासित किया

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 10:31 AM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 10:31 AM IST

वाशिंगटन, 30 मई (एपी) अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के लिए अमेरिका में काम करने वाले एक चीनी नागरिक का वीजा रद्द कर दिया। यह कदम कथित रूप से चीन द्वारा ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के एक पत्रकार को निष्कासित करने के जवाब में उठाया गया है।

मामले से परिचित एक व्यक्ति ने पुष्टि की कि वीजा रद्द कर दिया गया है। व्यक्ति ने नाम नहीं छापने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि यह मामला वीजा गोपनीयता से जुड़ा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि वीजा रद्द करने की योजना बनाई गई थी।

चीन द्वारा ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की चीन के लिए संवाददाता विवियन वांग को निष्कासित किए जाने के बाद ट्रंप प्रशासन की यह जवाबी कार्रवाई हुई है। ताइवानी नेता की ‘डील बुक’ कार्यक्रम में उपस्थिति के कारण वांग को चीन से निष्कासित किया गया जिसमें वांग की कोई भूमिका नहीं थी। यह एक दुर्लभ अवसर है जब अमेरिकी सरकार ने चीन की कार्रवाई के जवाब में सीधे तौर पर जवाबी कदम उठाया।

ट्रंप प्रशासन की इस जवाबी कार्रवाई की खबर सबसे पहले प्रकाशित करने वाले अखबार ‘द टाइम्स’ ने कहा कि वह किसी भी सरकार से यह मांग नहीं करता है कि किसी पत्रकार की मान्यता रद्द की जाए या उसके कामकाज में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप किया जाए। शुक्रवार को अखबार ने एक बयान जारी कर वांग को चीन में मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में बहाल करने की मांग की।

‘टाइम्स’ अखबार के कार्यकारी संपादक जोसेफ कान ने इसकी वेबसाइट पर प्रकाशित एक बयान में कहा, ‘‘चीन की सरकार का विवियन वांग को निष्कासित करने का निर्णय गलत है। उनके निष्कासन से हमारे वैश्विक पाठकों के लिए दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के बारे में महत्वपूर्ण समय में सटीक, स्वतंत्र और गहन रिपोर्टिंग प्राप्त करना और भी मुश्किल हो जाएगा।’’

वाशिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

एपी सुरभि गोला

गोला