सिमोन ने सबसे लंबे समय तक गोल नहीं खाने के रिकॉर्ड का श्रेय साथियों को दिया
सिमोन ने सबसे लंबे समय तक गोल नहीं खाने के रिकॉर्ड का श्रेय साथियों को दिया
ईस्ट रदरफोर्ड, 20 जुलाई (एपी) विश्व कप में सबसे लंबे समय तक गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड बनाने वाले स्पेन के गोलकीपर यूनाई सिमोन ने इसका श्रेय अपने साथियों को दिया जिनके कारण उनका काम आसान हो गया था।
इस पूरे टूर्नामेंट में स्पेन की रक्षापंक्ति ने शानदार खेल दिखाया और उनके खिलाफ केवल एक गोल हुआ। इसमें गोलकीपर सिमोन की भूमिका अहम रही जिन्होंने विश्व कप में सर्वाधिक 650 मिनट तक गोल नहीं खाने का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने हालांकि कहा कि साथी खिलाड़ियों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।
सिमोन ने कहा, ‘‘अन्य गोलकीपर की तुलना में मेरे हाथों को उतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती थी।’’
स्पेन ने रविवार को फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया जो उसका इस विश्व कप में रिकॉर्ड सातवां क्लीन शीट (मैच में एक भी गोल नहीं खाना) था। स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया। फाइनल में तो उसने सिर्फ दो शॉट लगने दिए, जिनमें से कोई भी गोल पर नहीं लगा।
स्पेन ने क्वार्टरफाइनल में 2-1 की जीत में केवल बेल्जियम को ही गोल करने दिया। इससे पहले विश्व कप में सबसे कम गोल खाकर चैंपियन बनने का रिकॉर्ड दो गोल का था जो स्पेन अन्य दो टीम के साथ साझा करता था।
स्पेन दक्षिण अफ्रीका में 2010 में खेले गए विश्व कप में जब पहली बार चैंपियन बना था तो तब उसने केवल दो गोल खाए थे। उस विश्व विजेता टीम के गोलकीपर इकर कैसिलास, मेटलाइफ स्टेडियम में 2010 के अपने साथियों जेवियर हर्नांडेज़, एंड्रेस इनिएस्टा, कार्ल्स पुयोल और सर्जियो रामोस के साथ बैठकर मैच देख रहे थे।
सिमोन ने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के रूप में ‘गोल्डन ग्लब्स’ जीता, हालांकि उन्हें केवल 14 बचाव करने की जरूरत पड़ी। अर्जेंटीना के एमिलियानो मार्टिनेज को अकेले रविवार को ही 11 बचाव करने पड़े।
सिमोन ने कहा, ‘‘अगर मेरे ग्लब्स बोल पाते तो यही कहते कि उन्हें अन्य गोलकीपरों की तरह कड़ी मेहनत नहीं करनी पड़ी। मुझे लगता है कि इन सभी ‘क्लीन शीट’ का श्रेय मेरे सभी साथियों को जाता है।’’
एपी
पंत
पंत

Facebook


