परिजनों की उपेक्षा से दुखी बुजुर्ग को युवाओं ने आत्महत्या करने से बचाया

Ads

परिजनों की उपेक्षा से दुखी बुजुर्ग को युवाओं ने आत्महत्या करने से बचाया

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 09:00 PM IST

ठाणे, चार जुलाई (भाषा) ठाणे जिले के बदलापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को युवाओं के एक समूह ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की आत्महत्या की कोशिश को विफल कर दिया। बुजुर्ग ने बताया कि परिवार में उन्हें कोई चाहता नहीं है और वह परिवार पर बोझ हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लगभग 80-90 साल का एक व्यक्ति बहुत परेशान हालत में रेल की पटरियों की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। यह देखकर वहां मौजूद लोगों का एक समूह (जिसमें ज्यादातर स्थानीय युवा थे) तेजी से आगे बढ़ा और ठीक समय पर उसे सुरक्षित जगह पर ले आया।

उन्होंने बताया कि जब युवाओं ने बुजुर्ग को दिलासा दी और पूछा कि उन्हें ऐसा कदम उठाने के बारे में सोचने पर किस बात ने मजबूर किया तो वह फूट-फूटकर रोने लगे।

बुजुर्ग ने उन्हें सांत्वना देने के लिए इकट्ठा हुए लोगों से कहा, “मेरे परिवार में अब कोई मुझे नहीं चाहता। मैं उन पर बोझ बन गया हूं। इसीलिए मैंने अपनी जान देने का फैसला किया।”

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्हें घर वापस ले जाने से पहले युवाओं का समूह स्टेशन पर काफी देर तक उनके साथ बैठा रहा।

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए एक वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति को रेल की पटरी के पास बैठकर रोते हुए और घर पर परिजनों द्वारा अपनी उपेक्षा किए जाने के बारे में बताते हुए देखा गया। इस वीडियो से लोग भावुक हो गए और बुजुर्गों को बेसहारा छोड़े जाने के मुद्दे पर कई पोस्ट और संदेश सामने आए।

बुजुर्ग व्यक्ति और उनके परिजनों के बारे में जानकारी तुरंत उपलब्ध नहीं थी।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत