श्रीजेश का करार दिसंबर में ही खत्म हो गया था, भारत ए टीम का कोच बनने को तैयार नहीं : टिर्की

Ads

श्रीजेश का करार दिसंबर में ही खत्म हो गया था, भारत ए टीम का कोच बनने को तैयार नहीं : टिर्की

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 07:47 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई ( भाषा ) हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पी आर श्रीजेश के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि उन्हें पद से हटाया नहीं गया है बल्कि उनका कार्यकाल दिसंबर 2025 में ही खत्म हो गया था और उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके मेरिट के आधार पर नया कोच चुना गया है ।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और जूनियर विश्व कप कांस्य पदक जीतने वाली भारत की अंडर 21 टीम के कोच रहे श्रीजेश ने सोशल मीडिया पर हॉकी इंडिया को आड़े हाथों लेते हुए मंगलवार को कहा कि विदेशी कोचों को तरजीह देने के लिये उनका अनुबंध बढाया नहीं गया है ।

हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में टिर्की ने कहा,‘‘ पी आर श्रीजेश का कोचिंग कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था । इसके बाद प्रोटोकॉल का पालन करके पद के लिये विज्ञापन दिया गया और कुछ नाम चुने गए । उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके चयन किया गया है ।’’

इसमें कहा गया ,‘‘ प्रक्रिया के बाद एक योग्य कोच का चयन किया गया है जिसके नाम की घोषणा जल्दी ही की जायेगी ।’’

टिर्की ने कहा ,‘‘ हमने श्रीजेश को हटाया नहीं है बल्कि उन्हें डेवलपमेंट टीम (भारत ए) का कोच बनने की पेशकश की गई थी जो लॉस एंजिलिस ओलंपिक और अगले ओलंपिक चक्र के लिये अहम है । उन्होंने इसे ठुकरा दिया और फैसले पर पुनर्विचार करने के अनुरोध पर भी नहीं माने ।’’

इसमें आगे कहा गया ,‘‘ उनसे यह कभी कहा नहीं गया था कि मुख्य कोच जूनियर टीम के लिये भी विदेशी कोच चाहते हैं । हम सभी मिलकर 2036 ओलंपिक का मार्ग प्रशस्त करने के सरकार के विजन की ओर मिलकर काम कर रहे हैं और इसके लिये हमारे भारतीय कोचों को तैयार करना अहम है ।’’

टिर्की ने कहा ,‘‘ जमीनी स्तर के और देशी कोचों का विकास एक राष्ट्रीय महासंघ के तौर पर हमेशा हॉकी इंडिया के लिये सर्वोपरि रहा है । हॉकी इंडिया के कोचिंग कार्यक्रम के तहत अब तक हमने 600 भारतीय कोचों को सर्टिफिकेशन दिये हैं ।’’

इसमें कहा गया ,‘‘ हॉकी इंडिया भारतीय हॉकी के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और सारे फैसले इसी को ध्यान में रखकर लिये जा रहे हैं । हम पी आर श्रीजेश को खेल का लीजैंड मानते हैं और भविष्य में उनकी सफलता की कामना करते हैं ।’’

भाषा मोना सुधीर

सुधीर