श्रीशंकर ने 8.15 मी की कूद से इंडिया एथलेटिक्स सीरीज 1 में स्वर्ण पदक जीता

Ads

श्रीशंकर ने 8.15 मी की कूद से इंडिया एथलेटिक्स सीरीज 1 में स्वर्ण पदक जीता

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 09:19 PM IST

बेंगलुरु, चार अप्रैल (भाषा) इस सत्र में पहली बार प्रतिस्पर्धा कर रहे मुरली श्रीशंकर ने शनिवार को यहां शुरू हुई पहली इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में 8.15 मीटर की कूद लगाकर खिताब अपने नाम किया।

एनसीओई त्रिवेंद्रम का प्रतिनिधित्व कर रहे श्रीशंकर ने अपने चौथे प्रयास में यह कूद लगाई। 2024 में घुटने की सर्जरी के बाद वापसी करने के बाद से यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पिछले सत्र में 27 वर्षीय इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.13 मीटर था।

श्रीशंकर को घुटने की चोट के कारण हुई सर्जरी की वजह से 2024 पेरिस ओलंपिक से बाहर रहना पड़ा था। उन्होंने पिछले साल सितंबर में तोक्यो विश्व चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया था, लेकिन फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए थे।

कांतीरवा स्टेडियम में श्रीशंकर मैदान में एकमात्र ऐसे एथलीट थे जिन्होंने आठ मीटर का आंकड़ा पार किया। बिहार के सनी कुमार 7.90 मीटर की कूद के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि कर्नाटक के पुरुषोत्तम 7.87 मीटर से तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा में रिलायंस का प्रतिनिधित्व कर रहीं एंसी सोजन ने 6.54 मीटर से पहला स्थान हासिल किया जीता जबकि अंजू बॉबी जॉर्ज स्पोर्ट्स फाउंडेशन की शैली सिंह 6.52 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

रिलायंस की ही मौमिता मंडल ने 6.37 मीटर की कूद लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया।

तमिलनाडु के पोल वॉल्ट एथलीट रीगन गणेश ने 5.35 मीटर का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रहे तमिल अरसु ने 10.23 सेकंड की शानदार दौड़ के साथ 100 मीटर का खिताब अपने नाम किया। वहीं तमिलनाडु की गिरिधरानी रवि कुमार ने 11.53 सेकंड के समय के साथ महिलाओं की 100 मीटर दौड़ जीत ली।

महाराष्ट्र के सर्वेश कुशारे ने 2.23 मीटर से ऊंची कूद का ख़िताब अपने नाम कर लिया, वह पिछले साल विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे।

भाषा नमिता मोना

मोना