सुजीत, अभिमन्यु ने स्वर्ण पदक जीते

Ads

सुजीत, अभिमन्यु ने स्वर्ण पदक जीते

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 09:17 PM IST

बिश्केक, 11 अप्रैल (भाषा) अंडर-23 विश्व चैंपियन सुजीत और अभिमन्यु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारत को दो स्वर्ण पदक दिलाए।

पुरुषों की 65 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल में अजेय लय में चल रहे सुजीत ने उज्बेकिस्तान के उमिदजोन जलोलोव को एकतरफा मुकाबले में 8-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ वे 2019 में बजरंग पूनिया के बाद इस भार वर्ग में एशियाई खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।

मैच की शुरुआत में जलोलोव ने रक्षात्मक रणनीति अपनाते हुए सुजीत को खुलकर अंक जुटाने का अवसर नहीं दिया, लेकिन दूसरे दौर में भारतीय पहलवान ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया और उज्बेक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपनी लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।

इसके बाद अभिमन्यु ने भी भारत के खाते में दूसरा स्वर्ण जोड़ते हुए 70 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल में मंगोलिया के तुलगा तुमुर ओचिर को 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 5-3 से पराजित किया।

संदीप मान हालांकि 79 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करते हुए स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। उन्हें बेहद करीबी मुकाबले में 1-2 से हारकर रजत से संतोष करना पड़ा।

इससे पहले 57 किग्रा वर्ग में अंकुश ने जापान के फुगा सासाकी को 8-2 से हराकर कांस्य पदक जीतते हुए भारत के पदक अभियान को मजबूती प्रदान की।

भारत के पास अंतिम दिन भी दो स्वर्ण पदक जीतने का अवसर रहेगा, जहां पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन (61 किग्रा) और मुकुल दहिया (86 किग्रा) अपने-अपने फाइनल में उतरेंगे।

अमन ने सेमीफाइनल में ईरान के अहमद मोहम्मदनेजादजावन को 11-9 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की, जबकि मुकुल दहिया ने कजाखस्तान के बोलात सकायेव के खिलाफ शुरुआती झटके के बाद जोरदार वापसी करते हुए 12-6 से मुकाबला अपने नाम किया।

अब अमन का सामना उत्तर कोरिया के क्वांग एम किम से होगा, जबकि मुकुल दहिया का स्वर्ण पदक मुकाबला ईरान के कामरान घासेमपुर से होगा।

दिनेश को 125 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक के लिए संघर्ष करना होगा, क्योंकि उन्हें सेमीफाइनल में बहरीन के शमिल शारिपोव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता