सूर्यांश ने अपनी सोच में आए बदलाव का श्रेय पोंटिंग और अय्यर को दिया
सूर्यांश ने अपनी सोच में आए बदलाव का श्रेय पोंटिंग और अय्यर को दिया
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने शुक्रवार को मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर को अपनी सोच में आए एक अहम बदलाव का श्रेय दिया।
इस बदलाव ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में शेडगे के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है।
मुंबई के इस 23 वर्षीय ऑलराउंडर ने बताया कि अय्यर और पोंटिंग के साथ नियमित बातचीत से उन्हें अपनी तैयारी पर ध्यान देने, वर्तमान में बने रहने और खुद पर भरोसा करने में मदद मिली है। उन्हें जब भी अंतिम एकादश में जगह मिली तो उन्होंने इनकी बदौलत मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया।
शेडगे ने शुक्रवार को एक चर्चा के दौरान कहा, ‘‘आईपीएल से पहले टीम के अंदर हुए एक अभ्यास मैच के दौरान श्रेयस भाई ने मुझसे कहा था कि मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं और मुझे ज्यादा सोचना नहीं चाहिए। अगर मैं उन चीजों के बारे में सोचता जो मेरे नियंत्रण में नहीं थीं तो मैं उस स्थिति में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह तकनीक और रवैये के बारे में बहुत बात करते हैं। ’’
पोंटिंग के प्रभाव के बारे में शेडगे ने कहा कि इस महान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने लगातार तैयारी के महत्व पर जोर दिया है।
शेडगे ने कहा, ‘‘रिकी सर का पूरा जोर सिर्फ और सिर्फ तैयारी पर रहता है। वह कहते हैं कि चाहे कुछ भी हो जाए, खुद पर भरोसा रखो और यह जानो कि तुम इस जगह के लायक हो। ’’
उन्होंने बताया कि सत्र की शुरुआत में बेंच पर बैठने के बाद पोंटिंग के साथ हुई एक बातचीत का उन पर गहरा असर पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘‘चौथे और पांचवें मैच के बाद उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं निराश हूं। पहले तो मैंने ‘नहीं’ कहा, लेकिन फिर उन्होंने मुझसे ईमानदारी से बताने को कहा। उन्होंने कहा कि वह समझ सकते हैं कि मैं कैसा महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि निराश होना और नकारात्मक सोचना आसान है, लेकिन वर्तमान में बने रहना और आगे के काम पर ध्यान देना ज्यादा मुश्किल है, ताकि जब मौका मिले तो तुम पूरी तरह तैयार रहो। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना

Facebook


