सूर्यवंशी के 81 रन, भारत ने जिम्बाब्वे को जीत के लिए दिया 193 रन का लक्ष्य

Ads

सूर्यवंशी के 81 रन, भारत ने जिम्बाब्वे को जीत के लिए दिया 193 रन का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 06:33 PM IST

हरारे, 26 जुलाई (भाषा) भारत ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की परिस्थितियों के अनुरूप खेली गई 81 रन की शानदार पारी की बदौलत रविवार को यहां तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद भारत को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में थोड़ी मुश्किल पिच का सामना करना पड़ा लेकिन सूर्यवंशी ने अपनी 49 गेंदों की संयमित पारी के दौरान अपनी बल्लेबाजी का एक अलग ही अंदाज दिखाया जिसमें आठ चौके और चार छक्के जड़े थे।

सूर्यवंशी ने धीमी शुरुआत करते हुए पहली 10 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बनाए। फिर अगली 10 गेंदों पर 15 रन और आखिरकार उन्होंने 31 गेंद में अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया।

उम्मीद के अनुरूप सूर्यवंशी की पारी में कुछ शानदार शॉट्स भी देखने को मिले। उन्होंने ब्रैड इवांस (41 रन देकर दो विकेट) की यॉर्कर पर चौका और फिर ऑफ-स्पिनर सिकंदर रजा (40 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर 102 मीटर लंबा छक्का जड़ा।

ऐसा पल भी आया जब उन्होंने स्पिनर वेस्ले माधेवेरे की गेंद पर रिवर्स स्वीप करके बाउंड्री लगाई। लेकिन कुल मिलाकर उनकी यह पारी संयम भरी थी।

लेकिन दूसरी ओर उनके सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा लगातार छठी बार खराब स्कोर पर आउट हो गए। तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ताडी मारूमणी के हाथों में चली गई।

अब अभिषेक की पिछली छह पारियों का स्कोर 10, 16, 3, 1, 8, 2 है। यह सिलसिला पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से शुरू हुआ था।

लेकिन सूर्यवंशी ने काफी परिपक्वता दिखाई और दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन (29) के साथ 75 रन की साझेदारी की। उसके बाद उन्होंने अगले विकेट के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर (27) के साथ 50 रन की साझेदारी की।

हालांकि सूर्यवंशी शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। माधेवेरे की गेंद पर लांग ऑफ पर इवांस ने उनका कैच लपका।

सूर्यवंशी और श्रेयस के आउट होने के बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों को रन गति बढ़ाने में संघर्ष करना पड़ा जिससे अंतिम पांच ओवरों में 47 रन ही बने।

रिंकू सिंह की 14 गेंद में 25 रन की छोटी लेकिन तेज पारी से भारत 200 के स्कोर के करीब पहुंचा।

लेकिन घरेलू टीम के लिए गेंदबाजों की मुफीद पिच पर खेलना मुश्किल हो सकता है।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर