राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलक ऋषिकांत सिंह को रजत पदक

Ads

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलक ऋषिकांत सिंह को रजत पदक

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 04:43 PM IST

ग्लासगो, 26 जुलाई (भाषा) भारत के ऋषिकांत सिंह चानमबम ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 60 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीता।

ऋषिकांत ने स्नैच में 121 किग्रा वजन उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि क्लीन एवं जर्क में वह केवल 143 किग्रा वजन ही उठा सके। इस तरह उन्होंने कुल 264 किग्रा भार उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया।

मलेशिया के बिन कसदान मोहम्मद अनीक ने कुल 273 किग्रा (121 और 152 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता और खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया।

कीनिया के जोशुआ अमुंगा एमबोया ने कुल 260 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 115 जबकि क्लीन एवं जर्क में 145 किग्रा वजन उठाया।

स्नैच में ऋषिकांत ने सफलतापूर्वक 116 किग्रा वजन उठाकर शुरुआत की और फिर 119 किग्रा और आखिर में 121 किग्रा वजन उठाया।

क्लीन एवं जर्क में ऋषिकांत ने पहले प्रयास में 143 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाया लेकिन दूसरे प्रसास में 148 और तीसरे प्रयास में 151 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहे और स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता