मोटेरा पर मिले पुराने जख्मों पर मरहम लगा गई ये जीत

Ads

मोटेरा पर मिले पुराने जख्मों पर मरहम लगा गई ये जीत

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 10:53 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 10:53 PM IST

अहमदाबाद, आठ मार्च (भाषा) 19 नवंबर 2023 को इसी मैदान पर वनडे विश्व कप फाइनल हारने के बाद मैदान से बाहर जाते हुए मायूस रोहित शर्मा की ही नहीं बल्कि पूरे देश की आंखें नम थी लेकिन मोटेरा पर मिले उन जख्मों पर सूर्यकुमार यादव की इस टीम की खिताबी जीत ने आज मरहम लगा दिया ।

भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता ।

लेकिन 2023 में एक दिवसीय प्रारूप के विश्व कप में लगातार दस मैच जीतकर फाइनल में पहुंची रोहित की भारतीय टीम को फाइनल में आस्ट्रेलिया ने हराया था तब दुनिया के सबसे बड़े इस स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में सन्नाटा छा गया था । फाइनल से पहले अपराजेय रही भारतीय टीम की हार से रोहित ही नहीं, पूरा देश स्तब्ध था ।

पूरे टूर्नामेंट में अपनी निस्वार्थ बल्लेबाजी और बेखौफ कप्तानी से दिल जीतने वाले रोहित अपने आंसुओं को छिपाते हुए सिर नीचा करके मैदान से बाहर गए तो उनकी यह तस्वीर और वीडियो जमकर वायरल हुए थे । लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर खूब साझा भी किया ।

फिर इस विश्व कप के दौरान सुपर आठ चरण में एकमात्र मैच में भारत को इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के हाथों हराया तो यह भी कहा जाने लगा कि कहीं यह मैदान ‘अनलकी’ तो नहीं है ।

लेकिन तमाम मिथक तोड़ते हुए भारत ने यह शानदार जीत दर्ज की तो वही नरेन्द्र मोदी स्टेडियम आज जीत के जश्न में यूं सराबोर हुआ कि पिछली सारी कड़वी यादें धूमिल हो गई । इस खिताबी जीत को देखने के लिये मैदान पर रोहित ही नहीं बल्कि 2007 टी20 और 2011 वनडे विश्व कप विजेता महेंद्र सिंह धोनी और 1983 वनडे विश्व कप जीतने वाले कप्तान कपिल देव भी मौजूद थे ।

भाषा मोना नमिता

नमिता