वाशिंगटन, 15 जुलाई (भाषा) अमेरिका स्थित प्रवासी भारतीयों के संगठन ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले 18 दिन से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने सरकार से प्रदर्शनकारियों से तुरंत संपर्क साधने की अपील की है।
संगठन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे एक खुले पत्र में कहा, ‘सरकार को प्रदर्शनकारियों से मिलकर परीक्षा और प्रशासनिक स्तर पर उजागर की गई कमियों पर ठोस जवाब देना चाहिए, तथा जवाबदेही तय करने के लिए एक विश्वसनीय व समयबद्ध प्रक्रिया स्थापित करनी चाहिए।’
संगठन की कार्यकारी निदेशक सुनीता विश्वनाथ ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार को तुरंत प्रदर्शनकारियों से मिलना चाहिए, उन कमियों का जवाब देना चाहिए जिनकी वजह से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है, और प्रशासन की बेरुखी किसी की जान ले ले, उससे पहले कदम उठाने चाहिए।’’
संगठन ने वांगचुक और प्रदर्शनकारी छात्रों से अपने स्वास्थ्य और जीवन को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि उनकी मांगें देश और दुनिया तक पहुंच चुकी हैं।
इसके साथ ही संगठन ने सरकार से आंदोलनकारियों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा करने की मांग की है।
भाषा सुमित खारी
खारी