त्रिकूद एथलीट अब्दुल्ला अबूबकर ने जीता स्वर्ण पदक

Ads

त्रिकूद एथलीट अब्दुल्ला अबूबकर ने जीता स्वर्ण पदक

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 09:23 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 09:23 PM IST

बेंगलुरु, 14 मार्च (भाषा) अब्दुल्ला अबूबकर और प्रवीण चित्रवेल के बीच शनिवार को यहां इंडियन ओपन कूद प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुषों के त्रिकूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक के लिए कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें अबूबकर विजयी रहे।

अंतरराष्ट्रीय एथलीट अबूबकर ने अपनी तीसरी कोशिश में सही लय पकड़ी और 16.83 मीटर की दूरी तय करके स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उनकी पहली कूद 16.05 मीटर थी और दूसरी कोशिश में उन्होंने 16.57 मीटर की कूद लगाई। हालांकि उन्होंने आखिरी तीन कूद नहीं लगाईं।

सत्र की इस पहली प्रतियोगिता में प्रवीण को 16.78 मीटर की कूद के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

वहीं सेना के एथलीट सर्वेश अनिल कुशारे ने अपनी तीसरी कोशिश में 2.16 मीटर की कूद से ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता। हालांकि,वह 2.19 मीटर की कूद लगाने में असफल रहे।

पुरुषों की पोल वॉल्ट प्रतियोगिता बेहद रोमांचक रही। देव मीना और कुलदीप कुमार 5.40 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर बनाने की कोशिश में थे। दोनों ने 5.25 मीटर के प्रयास किए। लेकिन देव मीना पहले 5.25 मीटर को पार कर पहला स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे।

भाषा नमिता

नमिता