बिना लाइसेंस के धन-अंतरण का कारोबार संचालित करने के आरोप में भारतीय नागरिक को जेल हुई

Ads

बिना लाइसेंस के धन-अंतरण का कारोबार संचालित करने के आरोप में भारतीय नागरिक को जेल हुई

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 08:43 PM IST

सिंगापुर, 15 जुलाई (भाषा) सिंगापुर की एक अदालत ने बिना लाइसेंस के सीमा पार धन-अंतरण कारोबार संचालित करने के मामले में एक भारतीय नागरिक को करीब 11 महीने की जेल की सजा सुनाई। स्थानीय मीडिया की एक खबर के अनुसार, इस कारोबार के जरिये कुल 2.8 करोड़ सिंगापुर डॉलर (लगभग 2.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर) से अधिक का लेनदेन किया गया था।

अखबार ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ की खबर के मुताबिक, 45-वर्षीय राजू कृष्णमूर्ति ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर सीमा पार धन-अंतरण कारोबार चलाने की साजिश रचने के एक आरोप और वर्क पास आवेदन के लिए किसी अन्य व्यक्ति से झूठा बयान दिलवाने में सहयोग के एक आरोप को स्वीकार किया।

अदालत ने कृष्णमूर्ति को दोनों अलग-अलग आरोपों में कुल नौ महीने और सात सप्ताह की जेल की सजा सुनाई। इसके अलावा उन पर 60,000 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया।

अदालती दस्तावेजों के अनुसार, कृष्णमूर्ति पर आरोप है कि उन्होंने मार्च 2024 से अप्रैल 2025 के बीच वैध वर्क पास के बिना एक स्वरोजगार विदेशी नागरिक के रूप में काम किया। उन्होंने सिंगापुर में बिना लाइसेंस के धन-अंतरण सेवाओं की गतिविधियां संचालित कीं।

दैनिक के अनुसार, कृष्णमूर्ति ने 2022 में सैयद नामक एक व्यक्ति के साथ मिलकर अवैध कारोबार शुरू किया था। यह कारोबार लिटिल इंडिया इलाके के नॉरिस रोड स्थित एक दुकाननुमा परिसर से संचालित होता था और कृष्णमूर्ति ने इसके लिए प्रतिमाह 1,500 सिंगापुर डॉलर में काम करने पर सहमति जताई थी।

सैयद उन प्रवासी कामगारों से संपर्क करता था, जो भारत पैसे भेजना चाहते थे। इसके बाद इन लोगों को कृष्णमूर्ति से संपर्क करने और सीधे उसे नकद राशि सौंपने के लिए कहा जाता था।

कुछ कामगारों ने सुरक्षित रखने के लिए उसे अपने एटीएम कार्ड और पिन नंबर भी दे दिए थे। जब वे अपने घर पैसे भेजना चाहते थे, तो वे कृष्णमूर्ति को अपने बैंक खातों से राशि निकालने के निर्देश देते थे।

पुलिस और मानवशक्ति मंत्रालय की ओर से अप्रैल में जारी संयुक्त बयान के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद लिटिल इंडिया क्षेत्र के नॉरिस रोड में छापेमारी की गई थी।

अधिकारियों को पता चला कि कृष्णमूर्ति कथित रूप से बिना लाइसेंस के सीमा पार धन-अंतरण सेवाएं चला रहे थे।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 3,14,000 सिंगापुर डॉलर से अधिक नकदी, 30 एटीएम कार्ड, एक हार्ड डिस्क, दो मोबाइल फोन और धन-अंतरण लेनदेन से जुड़ी कई रिकॉर्ड बुक जब्त की थीं।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश