आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में पहले दिन दांव पर होंगे दो स्वर्ण पदक

आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में पहले दिन दांव पर होंगे दो स्वर्ण पदक

आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में पहले दिन दांव पर होंगे दो स्वर्ण पदक
Modified Date: April 20, 2026 / 04:46 pm IST
Published Date: April 20, 2026 4:46 pm IST

काहिरा, 20 अप्रैल (भाषा) भारतीय जूनियर निशानेबाज मंगलवार से यहां शुरू होने वाले आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में इस सत्र में पहली बार किसी प्रतियोगिता में भाग लेंगे जिसके पहले दिन महिला 10 मीटर एयर राइफल और पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल में पदकों का फैसला होगा।

भारत इस प्रतियोगिता में 71 खिलाड़ियों को उतारेगा जिसमें 58 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य रविवार को काहिरा पहुंच गए थे।

प्रतियोगिता के पहले दिन की शुरुआत पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए 25 मीटर पिस्टल प्रेसिजन चरण के साथ होगी। इसके साथ ही स्कीट में पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में शुरुआती चरण के निशाने भी लगाए जाएंगे।

भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में छह निशानेबाजों को उतारा है, जिनमें एशियाई जूनियर रिकॉर्ड धारक और 2025 की आईएसएसएफ विश्व कप चैंपियन शम्भावी क्षीरसागर के प्रदर्शन पर सभी की निगाह टिकी रहेगी। उनके अलावा अनुष्का थोकुर, मान्यता सिंह, अनीशा शर्मा, अन्वी राठौड़ और पनाह भुगरा भी अपनी चुनौती पेश करेंगी।

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी भारत के छह खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन और मिश्रित स्पर्धा में 2023 विश्व चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता शिव नरवाल भी शामिल है। वह तीन साल के अंतराल के बाद किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

डेफलिम्पिक्स 2025 के चैंपियन अभिनव देशवाल, अभिनव चौधरी, अभय धामा, हिमांशु राणा और 17 वर्षीय चिराग शर्मा अन्य भारतीय निशानेबाज है जो इस स्पर्धा में अपना भाग्य आजमाएंगे।

क्वालीफाइंग राउंड के बाद हालांकि किसी एक देश के अधिकतम तीन खिलाड़ी ही फाइनल में जगह बना पाएंगे।

पूर्व विश्व चैम्पियनशिप और जूनियर विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता समीर गुलिया भारत की 25 मीटर पिस्टल टीम में सबसे जाना-पहचाना नाम है।

पुरुष वर्ग में अभिनव चौधरी, साहिल चौधरी, सागनिक बनर्जी, प्रांशु सूर्यवंशी और भानु प्रताप सिंह शेखावत पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि परीशा गुप्ता, अंजलि महेंद्र भागवत, अगम कौर ग्रेवाल, मानवी जैन, सेजल कांबले और शिखा चौधरी महिला वर्ग में भाग लेंगी।

स्कीट स्पर्धा में भारत के पुरुष वर्ग में पांच और महिला वर्ग में चार निशानेबाज भाग लेंगे।

पुरुषों में ज़ोरावर सिंह बेदी, हरविराज सिंह, ईशान सिंह लिबरा, यशवर्धन सिंह राजावत और अंजनेय सिंह मंडावा और महिलाओं में रिशम कौर गुरोन, परमीत कौर, अग्रिमा कंवर और संयोगिता शेखावत शामिल हैं।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में