विंबलडन चैंपियन क्रेजिकोवा की शीर्ष 10 में वापसी, अल्काराज़ तीसरे स्थान पर बरकरार

Ads

विंबलडन चैंपियन क्रेजिकोवा की शीर्ष 10 में वापसी, अल्काराज़ तीसरे स्थान पर बरकरार

  •  
  • Publish Date - July 15, 2024 / 04:55 PM IST,
    Updated On - July 15, 2024 / 04:55 PM IST

लंदन, 15 जुलाई (एपी) विंबलडन चैंपियन बारबोरा क्रेजिकोवा सोमवार को जारी डब्ल्यूटीए रैंकिंग में फिर से शीर्ष 10 में शामिल हो गई हैं जबकि महिला एकल की उपविजेता जैस्मीन पाओलिनी अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग पर पहुंच गईं।

क्रेजिकोवा ने शनिवार को फाइनल में पाओलिनी को 6-2, 2-6, 6-4 से पराजित करके अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इस जीत से चेक गणराज्य की 28 वर्षीय खिलाड़ी 22 पायदान की छलांग लगाकर 10वें स्थान पर पहुंच गईं।

क्रेजिकोवा इससे पहले इस साल 8 जनवरी को 10वें स्थान पर पहुंची थी। एकल में उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दो जबकि युगल में एक रही है।

पाओलिनी इससे पहले सातवें नंबर पर थी और इस तरह से वह दो पायदान आगे बढ़ने में सफल रही।

पुरुषों के वर्ग में कार्लोस अल्काराज़ लगातार दूसरी बार विंबलडन चैंपियन बनने के बावजूद पहले की तरह तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। यानिक सिनर इस प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाए थे, लेकिन इसके बावजूद वह विश्व के नंबर एक खिलाड़ी बने हुए हैं।

अल्काराज ने फाइनल में नोवाक जोकोविच को 6-2, 6-2, 7-6 (4) से हराया था। जोकोविच पहले की तरह दूसरे नंबर पर काबिज हैं।

महिला वर्ग में इगा स्वियातेक पहले की तरह शीर्ष पर बनी हुई हैं। विंबलडन में वह तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थी। उनके बाद कोको गॉफ, आर्यना सबालेंका और एलेना रयबाकिना का नंबर आता है।

एपी

पंत सुधीर

सुधीर