विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप: भारत की पुरुष टीम ने ट्यूनीशिया को हराया, महिलाओं को वॉकओवर

Ads

विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप: भारत की पुरुष टीम ने ट्यूनीशिया को हराया, महिलाओं को वॉकओवर

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:25 PM IST

लंदन, 28 अप्रैल (भाषा) भारतीय पुरुष टीम ने विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में ट्यूनीशिया पर 3-0 की शानदार जीत के साथ अपने अभियान की दमदार शुरुआत की, जबकि महिला टीम को मंगलवार को वॉकओवर मिल गया।

मानुष शाह, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई ने भारत के लिए प्रभावशाली जीत दर्ज की।

शाह ने टीम को मजबूत शुरुआत देते हुए एस्सिड वासिम को 3-1 (11-5, 9-11, 11-3, 11-5) से हराया, जिसके बाद ठक्कर और देसाई ने भी 3-0 से जीत हासिल की।

विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज ठक्कर ने यूसुफ ऐदली को एकतरफा मुकाबले में 11-3, 11-3, 11-3 से हराकर बढ़त को और मजबूत किया।

देसाई ने संयमित प्रदर्शन करते हुए अबू बकर बौरास को 11-5, 11-4, 11-8 से शिकस्त देकर टीम की आसान जीत सुनिश्चित की।

इससे पहले दिन में युगांडा की टीम के मैच के लिए उपस्थित न होने के कारण भारतीय महिला टीम को 3-0 से वॉकओवर मिल गया।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने चैंपियनशिप से पहले महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की है, जिसमें तैयारियों और भागीदारी के लिए 90 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

इसमें बेंगलुरु में एक राष्ट्रीय कोचिंग शिविर और उसके बाद शेफील्ड में एक विदेशी प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल था।

साइ ने टीमों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ को लगभग 60.1 लाख रुपये की कुल धनराशि भी जारी की।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर