लंदन, 29 अप्रैल (भाषा) भारत की महिला टेबल टेनिस टीम ने एक अहम ग्रुप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को यहां यूक्रेन को 3-2 से हराकर आईटीटीएफ विश्व टीम चैंपियनशिप फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।
इस जीत से टीम ग्रुप 6 में शीर्ष पर रहने के लिए मजबूत स्थिति में भी पहुंच गई है।
दुनिया की 49वें नंबर की खिलाड़ी मनिका बत्रा ने अनुभवी टेट्याना बिलेंको पर 11-9, 7-11, 11-6, 11-5 से जीत हासिल की और भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी।
यूक्रेन ने दुनिया की 51वें नंबर की खिलाड़ी मार्गरीटा पेसोत्स्का ने पांच गेम के मुकाबले में यशस्विनी घोरपड़े को हराया।
भारत ने दिया चिताले की बदौलत फिर से बढ़त बना ली जिन्होंने वेरोनिका माटियुनिना को 11-6, 11-8, 11-6 से हराकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
मार्गरीटा ने मनिका को 11-9, 5-11, 11-8, 11-6 से हराकर मुकाबले को निर्णायक पांचवें मैच तक पहुंचा दिया।
इसके बाद घोरपड़े ने दबाव में भी जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए टेट्याना को 11-7, 11-9, 9-11, 11-7 से हराकर भारत के लिए जीत पक्की कर दी।
इस जीत के साथ भारत ग्रुप में एक मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।
अब बृहस्पतिवार को अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में उनका सामना रवांडा से होगा। यह मैच ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम के तौर पर मुख्य ड्रॉ में उनकी जगह पक्की कर सकता है।
पुरुष वर्ग में भारत दिन में बाद में स्लोवाकिया का सामना करेगा जिसके बाद बृहस्पतिवार को वह ग्वाटेमाला के खिलाफ अपने ग्रुप 7 अभियान का समापन करेगा।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
नमिता