बर्मिंघम, 13 जून (एपी) सलामी बल्लेबाज डैनी वायट हॉज के नाबाद शतक की मदद से इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रन से हराकर महिला टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
वायट हॉज ने नाबाद 105 रन बनाए जिससे इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर है।
इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 132 रन पर आउट हो गई। उसकी तरफ से केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें नीलशिखा सिल्वा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए।
इंग्लैंड की तरफ से बाएं हाथ की तेज गेंदबाज फ्रेया केम्प ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 21 रन देकर चार विकेट लिए, जिसमें एक ओवर में तीन विकेट शामिल हैं।
वायट हॉज और एमी जोन्स ने इंग्लैंड को शानदार शुरुआत दिलाई। जोन्स को 12 और 48 रन पर जीवनदान मिला और वह 38 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हो गईं। लेकिन उनकी और वायट हॉज की 135 रन की साझेदारी टी20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड की तरफ से पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
पिंडली में चोट से उबरकर वापसी करने वाली कप्तान नैट साइवर ब्रंट को 14 रन पर जीवनदान मिला। लेकिन 22 गेंदों पर उनकी नाबाद 46 रन की पारी ने उन्हें पूर्व कप्तान और वर्तमान में इंग्लैंड की कोच शार्लोट एडवर्ड्स से आगे निकलकर टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की सर्वोच्च रन स्कोरर बना दिया। साइवर ब्रंट के नाम पर अब 784 रन दर्ज हैं जबकि एडवर्ड्स ने 768 बनाए थे।
साइवर ब्रंट ने 97 रन पर खेल रही वायट हॉज को पारी की आखिरी दो गेंदें खेलने का मौका दिया। उन्होंने तुरंत चौका लगाकर शतक पूरा किया। वायट हॉज ने अपनी 62 गेंद की पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया।
एपी
पंत
पंत