युवा तीरंदाज कीर्ति और पृथिका तीरंदाजी विश्व कप के सेमीफाइनल में, नजरें दोहरें पदक पर

युवा तीरंदाज कीर्ति और पृथिका तीरंदाजी विश्व कप के सेमीफाइनल में, नजरें दोहरें पदक पर

युवा तीरंदाज कीर्ति और पृथिका तीरंदाजी विश्व कप के सेमीफाइनल में, नजरें दोहरें पदक पर
Modified Date: July 10, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: July 10, 2026 9:00 pm IST

मैड्रिड, 10 जुलाई (भाषा) भारत की युवा तीरंदाज कीर्ति शर्मा और पृथिका प्रदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व तीरंदाजी कप के चौथे चरण में अपने-अपने वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर देश की पदक उम्मीदों को कायम रखा तो वहीं, अनुभवी तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा और ज्योति सुरेखा वेन्नम का अभियान एकल वर्ग में निराशाजनक ढंग से समाप्त हो गया।

अपने पहले विश्व कप सत्र में खेल रहीं 19 वर्षीय कीर्ति ने महिला रिकर्व क्वार्टर फाइनल में विश्व की 11वें नंबर की स्पेन की एलिया कैनालेस को 6-2 (27-29, 29-26, 27-26, 28-26) से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के बाद अब सेमीफाइनल में उनका सामना तुर्की की एलिफ गोक्किर से होगा।

महिला कंपाउंड वर्ग में 19 वर्षीय पृथिका प्रदीप ने स्पेन की एंड्रिया मुनोज को 140-135 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका मुकाबला मलेशिया की फातिन नुरफातेहाह मत सालेह से होगा। पृथिका अपने पहले विश्व कप व्यक्तिगत पदक से अब केवल एक जीत दूर हैं।

कीर्ति और पृथिका दोनों के पास दोहरे पदक जीतने का मौका है। पृथिका ने ज्योति और चीकिथा तनिपर्थी के साथ महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर कम से कम रजत पदक पहले ही सुनिश्चित कर लिया है। वहीं, धीरज और कीर्ति शर्मा की भारतीय मिश्रित रिकर्व टीम रविवार को कांस्य पदक के मुकाबले में उतरेगी।

कीर्ति ने अंतिम-32 मैच में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता जर्मनी की मिशेल क्रोपेन को 6-2 (30-23, 27-25, 25-22, 27-26) से हराने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की ली त्साई-ची को 6-4 (29-27, 27-29, 27-25, 27-27, 28-28) से हराया।

कीर्ति ने अंतिम आठ के पहले सेट को 27-29 से गंवाने के बाद दूसरे सेट में शानदार 29 अंक बनाए, जबकि कैनालेस केवल 26 अंक ही जुटा सकीं। इसके बाद तीसरा सेट 27-26 और चौथा सेट 28-26 से जीतकर कीर्ति ने बड़ा उलटफेर किया।

पृथिका ने भी कंपाउंड स्पर्धा के पहले दौर में दक्षिण कोरिया की पार्क जुंगयून को 145-144 से हराया, जबकि प्री-क्वार्टर फाइनल में अमेरिका की लिको अर्रेओला को 147-146 जबकि क्वार्टर फाइनल में एंड्रिया मुनोज को 140-135 से हराकर अंतिम चार में स्थान पक्का किया।

पिछले कुछ महीनों से खराब फॉर्म से जूझ रहीं ज्योति ने चौथी वरीय चीन की वेई फांगयाओ को 148-146 से हराकर दमदार शुरुआत की, लेकिन प्री-क्वार्टर फाइनल में तुर्की की हाजल बुरुन से बेहद करीबी मुकाबले में 146-147 से हारकर बाहर हो गईं।

पुरुष रिकर्व वर्ग में धीरज का अभियान भी क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। पिछले महीने अंताल्या में अपना पहला विश्व कप स्वर्ण जीतने वाले धीरज ने क्वालिफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया था और उन्हें खिताब का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था।

जर्मनी के लियोन जेमेला के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में धीरज 5-6 से हार गए। शूट-ऑफ में जेमेला ने नौ अंक का निशाना लगाया, जबकि धीरज का तीर आठ अंक वाले घेरे में लगा और उनका अभियान समाप्त हो गया।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में