रायपुर। आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची भी जारी कर दी है। दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने यह सूची जारी की। जारी सूची में 6 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी इससे पहले 62 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा पहले ही कर चुकी है। इस मौके पर भारती ने बताया कि 22 जुलाई को आप 90 विधानसभाओं में विधायकों का घेराव करेगी
आप की तीसरी सूची के अनुसार राजनांदगांव से डॉ सौरभ निर्वाणी, कवर्धा से डॉ भास्कर द्विवेदी, बिलासपुर से डॉ शैलेश आहुजा, बलौदा बाजार से मनहरण लाल वर्मा, डोंगरगांव से चंद्रमणि वर्मा, और मुंगेली से रामकुमार गंधर्व उम्मीदवार बनाए गए है। आप की दो लिस्ट पहले ही जारी हो चुकी है, जिसमें 62 विस प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। इस तरह पार्टी ने अब तक 68 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें : पुलिस परिवार आंदोलन के लिए कर्मियों की बर्खास्तगी नोटिस पर हाईकोर्ट का स्टे
इस मौके पर एक प्रेसवार्ता में दिल्ली के 3 आप विधायकों के साथ मौजूद सोमनाथ भारती ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरप्लस बिजली के बावजूद बिजली दिल्ली से महंगी है। भाजपा सरकार के पास कोई विजन नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा पर बेहतर काम किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की कमजोरियों से आज छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बढ़ा है। 28 जिलों में 17 नक्सल प्रभावित जिले है। राज्य में असुरक्षा है, जिसके चलते सीएम रमन सिंह के सांसद पुत्र अभिषेक सिंह को जेड प्लस सिक्योरिटी दी गई है। भारती ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और जोगी कांग्रेस में परिवारवाद हावी है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पूरी तरह विभाजित हो गई है।
देखिए सूची
वेब डेस्क, IBC24