सम्भल में रोडवेज बस और टैंकर के बीच भिडंत, सात की मौत, मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

Ads

सम्भल में रोडवेज बस और टैंकर के बीच भिडंत, सात की मौत, मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

  •  
  • Publish Date - December 16, 2020 / 07:38 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:55 PM IST

सम्भल (उप्र) 16 दिसंबर (भाषा) जिले के धनारी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह कोहरे के चलते रोडवेज की बस और गैस टैंकर की भिडंत हो गई जिसमे कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि लगभग 25 लोग घायल हुए हैं जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जिले के आलाधिकारी मौके पर राहत बचाव कार्य में लगे है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सम्भल में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है

पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह धनारी थाना अंतर्गत आगरा-मुरादाबाद राजमार्ग पर अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और गैस टैंकर में आमने-सामने भिडंत हो गई जिसमें सात लोगों की मौत हो गई जबकि लगभग 25 लोग घायल हो गए हैं जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। उक्त घटना में पूरा जिला प्रशासन लगा हुआ है व मौके पर बचाव और राहत कार्य चल रहा है ।

लखनऊ में सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सम्भल में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

भाषा सं जफर स्नेहा

स्नेहा