रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा घेरने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लोधीपारा चौक के पास ही रोक लिया। सरकार विरोधी नारे लगा रहे कांग्रेसियों से पुलिस की हल्की झड़प भी हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।
बता दें कि कांग्रेस ने आज महंगाई, कर्मचारियों को सुविधा, पुलिस परिवार की जायज मांग, स्कूल कॉलेज में मनमाना फीस लेने, बेरोजगारी और ऐसे ही कई मुद्दों को लेकर विधानसभा घेरने का ऐलान किया था। इससे पहले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मंडी गेट के समीप एकत्र हुए।
यह भी पढ़ें : भिलाई में फूटा सेक्स रैकेट, 2 महिला समेत 3 गिरफ्तार
विधानसभा घेरने एकत्र हुए कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद जैसे ही कांग्रेसियों ने विधानसभा के लिए कूच किया, वैसे ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेट्स लगाकर पहले ही तैयारी कर रखी थी। लोधीपारा चौक पर तैनात पुलिस ने कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोका। इस पर बहस भी हुई, और फिर झूमाझटकी भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और लाठियां भी लहराई।
बता दें कि कांग्रेस के विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही रोड डायवर्ट कर रखे थे। इसके चलते पंडरी बस स्टैंड से लेकर लोधीपारा चौक तक रोड को बंद कर दिया गया था। जिसके चलते स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हुई है।
वेब डेस्क, IBC24