आगरा (उप्र), 21 दिसंबर (भाषा) आगरा पुलिस ने सदर के रोहता में हुई बैंक लूट के मामले में बैंककर्मी और दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से 40 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई महिलाओं ने बैंक से लूटी गयी रकम छिपाने में मदद की थी। बैंक लूट में शामिल चार अन्य बदमाश अभी फरार हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
एडीजी अजय आनंद ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 40 लाख रुपये बरामद कर लिये गये हैं। घटना में शामिल सनी जाटव, बंटी जाटव, नरेंद्र कुमार और नगला प्रताप के रहने वाले तेज सिंह को गिरफ्तार करने के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
रोहता के ग्वालियर रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में 12 दिसंबर की शाम पांच बजे बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बैंक प्रबंधक समेत अन्य कर्मचारियों को बंधक बनाकर 56.94 लाख रुपये लूट लिये थे और फरार हो गये।
पुलिस ने बताया कि जगनेर रोड पर एक सीसीटीवी कैमरे से बदमाश का फोटो मिल गया। उसकी पहचान सनी जाटव निवासी खंदारी के रूप में हो गयी। इसके मोबाइल की कॉल डिटेल से सुराग मिल सके।
इसके बाद पुलिस ने रविवार रात को बैंक के अस्थायी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी खंदारी निवासी पुनीत को गिरफ्तार किया।
साथ ही रंजीत और घटना में शामिल दो बदमाशों की पत्नियों को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों महिलाओं का मायका मलपुरा के नगला प्रताप में है।
आरोपी महिलाओं ने लूट की रकम ले जाकर नगला प्रताप में प्लास्टिक के बोरे में रखकर छिपा दी थी।
भाषा सं शफीक