मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित सातम ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारत की आर्थिक प्रगति को रोकने तथा केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को हटाने की साजिश के तहत विदेशी ताकतों, वामपंथी संगठनों और विपक्षी दलों ने मिलकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) आंदोलन को हवा दी है।
दिल्ली में जारी कॉजपा के आंदोलन के समर्थन में मुंबई में सोमवार से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी परीक्षा में गड़बड़ियों और शिक्षा क्षेत्र में सुधारों को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के विधायक सातम ने दावा किया कि यह अब छात्रों का आंदोलन नहीं रह गया है, बल्कि हिंसा की ओर बढ़ गया है।
मुंबई भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सातम ने आरोप लगाया, ‘‘विपक्ष ने ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ और विदेशी ताकतों से हाथ मिला लिया है, ताकि भारत के विकास को रोका जा सके। वामपंथी संगठन और देश विरोधी तत्वों ने कॉजपा आंदोलन को अपने कब्जे में ले लिया है और इसे हिंसक बना दिया है। यह केवल छात्रों का विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि भारत की प्रगति को रोकने की एक बड़ी साजिश है।’
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश